महासमुंद के जिला आबकारी कार्यालय में घुसकर मारपीट के मामलों में भाजपा हमलावर है। आरोप है कि मारपीट कांग्रेस विधायक विनोद चंद्राकर की मौजूदगी में हुई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को पकड़ा है। अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने विधानसभा अध्यक्ष से विधायक की सदस्यता रद्द करने की मांग की है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, विधायक और संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर की मौजूदगी में मंगलवार को जो कुछ हुआ वह कांग्रेस के चरित्र की एक बानगी है। संसदीय सचिव के नाते प्रदेश सरकार का एक अंग होकर मारपीट करने वालों को अपने साथ लेकर आबकारी दफ्तर पहुंचने की बात पीड़ित कर्मचारी ने अपनी शिकायत में कही है।
शिकायत में यह भी कहा है, विधायक और उनके समर्थकों ने कमरा बंद करके बेदम पीटा, जिससे पीड़ित बुरी तरह घायल हो गया। उसकी जान भी जा सकती थी। साय ने कहा, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट और उन पर जानलेवा हमला करती कांग्रेस नेताओं की आपराधिक करतूतों के चलते जंगलराज जैसा आलम पूरे प्रदेश में देखा जा रहा है। कांग्रेस के लोग सत्ता की धौंस दिखाकर प्रदेश को अराजकता के गर्त में धकेल रहे हैं।
जशपुर में मीडिया के खिलाफ कांग्रेस की शिकायत पर भी घेरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया के खिलाफ दी गई जिला कांग्रेस समिति की शिकायत पर भी सत्ताधारी दल को घेरा है। विष्णुदेव साय ने कहा, यह मीडिया के प्रति कांग्रेस और उसकी सरकार के दुराग्रह का परिचायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग अब मीडिया को खुलेआम धमकाने भी लगे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.