कांग्रेस दे रही BJP को फायदा!:बृजमोहन बोले-झारखंड की पुलिस आई तो भाजपा के वोट बढ़ गए, कांग्रेस का दावा-नतीजों के बाद प्रभारी बदलेगी BJP

रायपुर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर विधानसभा के उपचुनाव में राजनीतिक दल वोटर को लुभाने की खूब कोशिश कर रहे हैं। इस बीच एक से बढ़कर एक बयान भी सामने आ रहे हैं। भाजपा की ओर से इस चुनाव के प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि कांग्रेस की हरकतें भाजपा का वोट बढ़ा रही हैं।

पूर्व मंत्री अग्रवाल ने कहा- जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर आरोप लगाया, भाजपा के 2 प्रतिशत वोट बढ़ गए। फिर जब झारखंड की पुलिस कांकेर आई तो भाजपा के वोट और बढ़ गए। इसके बाद झारखंड की पुलिस जब ब्रम्हानंद के खिलाफ नोटिस लेकर उनके घर गई ताे भाजपा के वोट और 2 प्रतिशत बढ़ गए।

जगह-जगह इस तहर की सभाएं कर रहे हैं भाजपा के लोग।
जगह-जगह इस तहर की सभाएं कर रहे हैं भाजपा के लोग।

आदिवासी मंत्रियों को जनता सबक सिखाएगी
ये पूछे जाने पर कि लोगों का मूड क्या है, बृजमोहन ने कहा- भाजपा के प्रति लोगों की सोच सकारात्मक होती जा रही है, भाजपा ये चुनाव जीतेगी, जनता कांग्रेस की साजिशों को बेनकाब करेगी। भानुप्रतापपपुर के लोग आदिवासियों के अपमान का बदला लेंगे।

सियासी दलों की भाग्य विधाता बनी है जनता।
सियासी दलों की भाग्य विधाता बनी है जनता।

बृजमोहन ने कांग्रेस के आदिवासी मंत्रियों को लेकर कहा कि कम से कम कवासी लखमा और अमरजीत भगत को कांग्रेस पार्टी में सलाह देनी चाहिए कि आदिवासियों को बदनाम न करें, वरना आने वाले दिनों में जनता कवासी लखमा और भगत जैसे नेताओं को भी सबक सिखाएगी।

कांग्रेस संचार प्रमुख ने दिया भाजपा को जवाब।
कांग्रेस संचार प्रमुख ने दिया भाजपा को जवाब।

BJP बदलेगी प्रभारी
भाजपा पर बयानों के तीर चलाते हुए कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख सुशील शुक्ला ने कहा- भानुप्रतापपुर में हार के बाद एक बार फिर से भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष, प्रभारी बदल दिये जायेंगे। भाजपा का रिकॉर्ड रहा है जब-जब भाजपा चुनाव हारती है अपने अध्यक्ष को बदल देती है। 2018 के विधानसभा चुनाव के समय भाजपा के अध्यक्ष धरमलाल कौशिक थे, प्रभारी अनिल जैन जैसे ही भाजपा विधानसभा का चुनाव तीन चौथाई बहुमत से हारी कौशिक को हटा कर विक्रम उसेंडी को अध्यक्ष बना दिया गया, अनिल जैन को हटाकर पुरंदेश्वरी को प्रभारी बना दिया गया।

कांग्रेस की ओर से सावित्री मंडावी चुनावी मैदान में हैं।
कांग्रेस की ओर से सावित्री मंडावी चुनावी मैदान में हैं।

शुक्ला ने आगे कहा- विक्रम उसेंडी के नेतृत्व में भी भाजपा चित्रकोट और दंतेवाड़ा का चुनाव हार गयी तब भाजपा ने उसको भी हटा कर विष्णुदेव साय को अध्यक्ष बना दिया। विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा मरवाही, खैरागढ़ उपचुनाव के साथ नगरीय निकाय में बुरी तरह पराजित हो गयी तब विष्णुदेव साय को हटाकर अरुण साव को अध्यक्ष बना दिया गया। अब की बार प्रभारी के साथ नेता प्रतिपक्ष भी बदल दिया गया, धरमलाल कौशिक की जगह नारायण चंदेल नेता प्रतिपक्ष बनाये गये हैं तथा प्रभारी ओपी माथुर बनाये गये है। इनके नेतृत्व में भाजपा भानुप्रतापपुर चुनाव लड़ रही है। जहां पर उसकी पराजय होना तय है।

भाजपा ने पूर्व विधायक ब्रम्हानंद नेताम को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने पूर्व विधायक ब्रम्हानंद नेताम को मैदान में उतारा है।

काम के दम पर जीतेंगे
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भानुप्रतापपुर में कांग्रेस अपने सरकार के 4 साल के कामों तथा अपने संगठन की मजबूती के दम पर चुनाव जीत रही है। कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों और आदिवासियों के हितों में किये गये कामों के कारण जनता को कांग्रेस के प्रति भरोसा और बढ़ा है। इसलिये कांग्रेस उपचुनाव जीतेगी। भाजपा के पास वहां कोई मुद्दा नहीं है। ऊपर से बलात्कार के आरोपी ब्रम्हानंद को प्रत्याशी बनाया है। जैसे ही परिणाम आयेंगे उसके साथ ही दिसंबर के दूसरे सप्ताह में भाजपाईयों को नया प्रभारी, नया अध्यक्ष और नया नेता प्रतिपक्ष मिल जायेगा।

बृजमोहन बोले- 'हां मेरी जेब में है नेताम'

मंगलवार को बृजमोहन अग्रवाल ने कहा था कि हां नेताम मेरी जेब में है। चुटकी लेते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, अपने क्षेत्र में नेताम दौरे कर रहे हैं और जनता के बीच जा रहे हैं। कांग्रेस ने नेताम नहीं बल्कि संपूर्ण आदिवासी समाज का अपमान लिया है जिसे चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। इसके अलावा उन्होंंने कहा था कि निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत नही बल्कि कांग्रेस के दबाव में अफसर काम कर रहे हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर यौन शोषण पीड़िता नाबालिग का नाम उजागर करने की वजह से बाल आयोग की चिट्ठी आई है मगर उन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।पढ़ें पूरी खबर

आज सीएम की सभा भी

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 30 नवंबर को कोडेकुर्सी, भानुप्रतापपुर, पुरी और टंहकापार में चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं। अगले दिन यानी 1 दिसम्बर को मुख्यमंत्री दुर्गुकोंदल और चारामा में जनसभा के बाद रोड शो में भी शामिल होंगे। प्रचार के अंतिम दिन यानी 3 दिसम्बर को मुख्यमंत्री बघेल कोरर और लखनपुरी में सभा को संबोधित करने वाले हैं। यानी इस प्रचार अभियान में रोड शो सहित आठ चुनावी सभाओं को संबोधित करने वाले हैं।

उप चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ही कांग्रेस के सबसे बड़े प्रचारक हैं। 17 नवम्बर को नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पहली बार इस चुनाव में प्रचार के लिए उतरने वाले हैं। इसके लिए चुनाव अभियान समिति ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बताया जा रहा है, मुख्यमंत्री की सभा और रोड शो को लेकर सभी स्तर की तैयारी हो रही है। प्रभारी मंत्री अनिला भेंडिया के साथ मंत्री कवासी लखमा भी इसकी जिम्मेदारी संभाले हुए हैं।

16 अक्टूबर को मंडावी का निधन हुआ था

भानुप्रतापपुर से कांग्रेस विधायक और आदिवासी समाज के प्रभावशाली नेताओं में से एक मनोज सिंह मंडावी का 16 अक्टूबर को निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। अस्पताल पहुंचने तक उनका निधन हो चुका था। उनकी अन्त्येष्टि में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित प्रदेश कांग्रेस का पूरा नेतृत्व उनके पैतृक गांव नथिया नवागांव पहुंचा था। प्रदेश में राजकीय शोक घोषित हुआ। उनके निधन के बाद विधानसभा में उनकी सीट को रिक्त घोषित कर कर निर्वाचन आयोग को सूचना भेजी गई थी।

खबरें और भी हैं...