• Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Raipur
  • CG's Collectors SP Conference Started: Chief Minister Bhupesh Baghel Held A Class In The Circuit House Of Raipur, The First Question On Chit Fund, The Government Is Not Happy With The Action So Far

कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस में सीएम की दो टूक:बोले- सड़कों पर दिखनी चाहिए खाकी, एसपी खुद रात में गश्त पर निकले, पीड़ित का भरोसा न टूटे

रायपुर8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में चल रही कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिसिंग पर दो टूक बात कही है। उन्होंने कहा, अभी बेसिक पुलिसिंग पर काम होना चाहिए। चौक-चौराहों और भीड़ वाली जगहों पर पुलिस दिखनी चाहिए। एसपी खुद रात को गश्त पर निकलें। अपराध पर तुरंत कार्रवाई हो। पीड़ित को यह भरोसा होना चाहिए कि उसने शिकायत की है तो कार्रवाई जरूर होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि, विजिबल पुलिसिंग पर फोकस करें। एसपी खुद रात में गश्त पर निकलें, महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को रोकने के लिए महिला गश्त पीसीआर वाहन शीघ्र शुरू होंगे। ऑनलाइन जुआ पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चाकूबाजी की घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई करें,ताकि ऐसी घटनाएं बिल्कुल भी न हों, और जीरो टॉलरेंस अपनाएं। अफसरों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, पुलिस और प्रशासन अच्छा काम कर रहें हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। कई घटनाओं को पुलिस ने कम समय मे ही सुलझाया है इससे राज्य की अच्छी छवि बनी है। लेकिन कई जगह सुधार की भी आवश्यकता है। चाकूबाजी, सट्टेबाजी पर अंकुश की जरूरत है।महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने की भी बात हुई। मुख्यमंत्री ने कहा, सोशल मीडिया में चल रही अफवाहों का तत्काल जवाब आना चाहिए। संवादहीनता नहीं होनी चाहिए चाहे वह मीडिया हो, जनप्रतिनिधि हो अथवा जनता। सभी से संवाद बना रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशासन और पुलिस के अफसरों से चर्चा की।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रशासन और पुलिस के अफसरों से चर्चा की।

जुआ-सट्‌टा और नशे के कारोबार पर अंकुश को भी कहा

मुख्यमंत्री ने कहा, नक्सल क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करायी जाए। नक्सल क्षेत्रों में वीआईपी भ्रमण के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। किसी भी जिले से जुआ-सट्टा की शिकायत नहीं आनी चाहिए, ऑनलाइन सट्टा पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जाए। नशे की गोलियां, इंजेक्शन, सीरप के सेवन की प्रवृत्ति पर पूर्ण रूप से विराम लगाये एवं विक्रेताओं पर कड़ी कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने ओडिशा से गांजा परिवहन व विक्रय पर भी अंकुश लगाने को कहा है। इसके लिए ओडिशा पुलिस से समन्वय स्थापित करने, सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट मजबूत करने और हुक्का पर प्रतिबंध लगाने को भी कहा गया।

चिटफंड पर कार्रवाई की रिपोर्ट से शुरू हुई बात

बहुप्रतिक्षित कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के वहां पहुंचने पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, डीजीपी अशोक जुनेजा सहित वरिष्ठ अफसरों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले बिंदुओं पर बातचीत शुरू हुई। पहला बिंदु चिटफंड कंपनियां ही थीं। डीजीपी अशोक जुनेजा ने प्रदेश भर का डेटा सामने रखा। उन्होंने कार्यवाही और निवेशकों की धन वापसी का ब्यौरा पेश किया। मुख्यमंत्री ने इसे बहुत धीमा बताया। उन्होंने कहा, इसमें और तेजी लाने की जरूरत है। न्यायालय से शीघ्र कुर्की कराकर चिटफंड कंपनियों की संपत्ति नीलाम कर निवेशकों का पैसा वापस करने के निर्देश दिए।

कॉन्फ्रेंस में मौजूद वरिठ अफसर।
कॉन्फ्रेंस में मौजूद वरिठ अफसर।

दोपहर बाद एसपी लौट जाएंगे, कलेक्टर्स कल भी रहेंगे

बैठक में प्रदेश के सभी संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शामिल हैं।इनमें से अधिकांश अधिकारी देर रात तक राजधानी पहुंच चुके थे। शनिवार को दोपहर के भोजन के बाद पुलिस अधिकारियों को लौट जाने की अनुमति दी गई है। दोपहर 2.30 बजे भोजन के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सभी कलेक्टर्स के साथ संभागीय आयुक्त, सीईओ जिला पंचायत और आयुक्त नगर निगम उपस्थित रहेंगे। इसके अगले दिन 9 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे से समीक्षा बैठक का नया दौर शुरू होगा। इसके दिन भर चलने की संभावना है।

अफसरों को नया टास्क मिलेगा

बताया जा रहा है, इस बैठक में मुख्यमंत्री अगले साल तक के लिए कलेक्टरों और एसपी को नये टास्क देने वाले हैं। इसमें कानून-व्यवस्था और लोक व्यवस्था का मुद्दा मुख्य होगा। रायपुर में यह कलेक्टर्स-एसपी कॉन्फ्रेंस सितम्बर महीने में ही होनी थी, लेकिन गणेश विसर्जन और नये जिलों के उद्घाटन की वजह से इसे टाल दिया गया था। पिछले साल 21-22 अक्टूबर को रायपुर में कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस हुई थी।

कॉन्फ्रेंस में मौजूद कलेक्टर और एसपी।
कॉन्फ्रेंस में मौजूद कलेक्टर और एसपी।

दोपहर बाद बसना के गढ़फुलझर भी जाएंगे मुख्यमंत्री

अधिकारियों ने बताया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को दोपहर बाद महासमुंद जिले के विकासखंड बसना में गढ़फुलझर गांव जाएंगे। उनको वहां रामचण्डी दिवस कार्यक्रम में शामिल होना है। मुख्यमंत्री वहां से देर शाम रायपुर लौट आएंगे।