रायपुर के बीरगांव नगर निगम में कांग्रेस नेता नंदलाल देवांगन को महापौर चुन लिया गया है। मगर इसके बाद भी जोगी कांग्रेस, कांग्रेसी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हंगामा होता रहा। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महापौर चुने के जाने के बाद सभापति का चुनाव किया जाना था। इस बीच कांग्रेस नेताओं को खबर लग गई कि जोगी कांग्रेस के कुछ लोग निगम दफ्तर के भीतर घुस गए हैं। यह सुनते ही कांग्रेसियों ने हंगामा कर दिया। नारेबाजी करते हुए कांग्रेसी निगम दफ्तर के गेट तक पहुंच गए।
पुलिस ने उन्हें रोकने का भरसक प्रयास किया लेकिन पुलिसकर्मियों को धक्का देते हुए कांग्रेसी अंदर जा घुसे। बताया गया की बड़ी तादाद में कांग्रेसी अंदर पहुंचे, नारेबाजी करते हुए सीढ़ियां चढ़ने लगे। जहां सभापति पद के उम्मीदवार का चुनाव हो रहा था। गुस्साई पुलिस ने कांग्रेसियों को फौरन दफ्तर से बाहर निकाला।
BJP के पतिराम साहू को 10 वोट से हराया, 40 में से 25 वोट मिले; कांग्रेस के कृपाराम बने सभापति
बाहर नरेंद्र मोदी और सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी
इधर, कांग्रेस के कार्यकर्ता हंगामा करते हुए निगम दफ्तर के जब भीतर घुसे तब बाहर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए कांग्रेसी फिर बाहर आकर इन कार्यकर्ताओं से भीड़ गए। भाजपा के कार्यकर्ताओं के सामने खड़े होकर कांग्रेसियों ने नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की। काफी देर तक ऐसा ही माहौल चलता रहा। जिसे कुछ देर बाद पुलिस ने शांत करवाया। बाद में सभापति चुनाव भी खत्म हुआ।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.