पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसूईया उइके ने विधानसभा के बजट सत्र को संबोधित किया। सत्र के पहले दिन अपने संबोधन में राज्यपाल ने राज्य सरकार की पिछले वर्ष की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा, उनकी सरकार नये छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए काम कर रही है। राज्यपाल के अभिभाषण पूरा होने के साथ ही सत्र की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस सत्र में राज्य का वार्षिक बजट पारित होना है।
राज्यपाल ने कहा, कोरोना संकट से निपटने में जनता ने भी सहयोग दिया है, उसके लिए सभी को धन्यवाद। मेरी सरकार ने कोरोना काल मे मजदूरों के खाने पीने, प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचाने का काम किया है। उस कठिन वक्त में 67 लाख राशन कार्ड धारियों को अनाज दिया गया। 57 लाख अंत्योदय कार्डधारियों को चावल और चना दिया गया।
दूसरे प्रदेशों में फंसे मजदूरों की सुरक्षित वापसी कराई गई। जरूरतमंदों के लिए 11 हजार ग्राम पंचायतों में 2 क्विंटल चावल उपलब्ध कराया गया। राज्यपाल ने कहा, उनकी सरकार ने महिलाओं का मान बढ़ाया है, वहीं बच्चों के पोषण की चिंता की है। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान शुरू किया गया है। 24 लाख बच्चों के लिए पोषण सामग्री दी गई। 29 लाख बच्चों को रेडी-टू-ईट भोजन घर पहुंचा कर दिया गया।
राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में खरीफ सीजन के दौरान धान की रिकॉर्ड खरीदी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, इस वर्ष उनकी सरकार ने रिकॉर्ड धान की खरीदी की है। 2152980 पंजीकृत किसानों में से 2053433 किसानों ने अपना धान बेचा है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ अपने 95 प्रतिशत किसानों का धान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा, 92 लाख मीट्रिक टन धान खरीदना एक रिकॉर्ड है।
धान के दाम का मान बना रहे
राज्यपाल ने कहा, उनकी सरकार चाहती है कि धान के दाम का मान बना रहे। इसलिए धान से एथेनाल बनाया जाएगा। ताकि धान का दूसरे व्यावसायिक कार्यों में भी उपयोग किया जा सके। राज्यपाल ने कहा, राज्य सरकार की इस कोशिश को केंद्र सरकार ने भी मान्यता दी है। उन्होंने कहा, बिना ब्याज के ऋण वितरण स्कीम में अभी तक 4755 करोड़ का कर्ज दिया जा चुका है। 16 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड बना है।
परिसर पहुंचने पर हुआ पारंपरिक स्वागत
विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने राज्यपाल अनुसूईया उइके का स्वागत किया। उसके बाद राज्यपाल ने हॉल में प्रवेश कर विधायकों का अभिवादन स्वीकार किया। बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। उसके बाद राज्यपाल ने अपना अभिभाषण शुरू किया।
विधायक ने चलाई विरोध की साइकिल
कांग्रेस से मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में साइकिल से सफर करने का तरीका अपनाया। हालांकि विरोध के इस तरीके में कांग्रेस विधायक दल उनके साथ नहीं था, फिर भी उन्होंने यह कदम उठाया है।
अभिभाषण को संसदीय कार्यमंत्री ने उत्साहजनक कहा
संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे ने राज्यपाल के अभिभाषण को उत्साहजनक बताया। सदन के बाहर संवाददाताओं से चर्चा में चौबे ने कहा, राज्यपाल का अभिभाषण सरकार के भविष्य की कार्यनीति माना जाता है। उसके मुताबिक राज्यपाल ने प्रदेश के विकास के तीनों क्षेत्रों का अपने भाषण में उल्लेख किया है। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, यह अभिभाषण सरकार की योजनाओं और छत्तीसगढ़ के स्वर्णिम भविष्य की ओर इंगित कर रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने अभिभाषण को बताया नीरस
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, राज्यपाल का अभिभाषण नीरस और निराश करने वाला है। कही भी राज्य के विकास की झलक नही दिखी। अभिभाषण में प्रदेश के विकास की परिकल्पना होती है लेकिन इसमें कही जिक्र तक नहीं हुआ। इस सरकार का कोई विजन नही दिख रहा है। कुछ भी नया नही है। नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने कहा कि कही भी प्रदेश की सरकार राज्य की विकास को लेकर संवेदनशील नहीं दिख रही है।
विधायकों ने पूछे हैं 2350 सवाल
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया, इस सत्र में अभी तक विधायकों ने 2350 प्रश्न पूछे हैं। इनमें से 1226 तारांकित प्रश्न हैं और 1088 अतारांकित प्रश्न। अभी तक विधायकों ने 24 स्थगन प्रस्ताव दिये हैं। 117 ध्यानाकर्षण और 9 अशासकीय संकल्प अभी तक विधानसभा सचिवालय को मिल चुके हैं।
विधायकों की जांच कर आने दिया
कोरोना प्रतिबंधों के तहत विधानसभा परिसर में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। दर्शक दीर्घा और अध्यक्षीय दीर्घा को पूरी तरह बंद रखा गया है। वहीं मंत्रियाें-विधायकों के सुरक्षा अधिकारियाें (PSO) तक को परिसर में आने की अनुमति नहीं मिली है। हॉल में प्रवेश से पहले विधायकों का टेंपरेचर और ऑक्सीजन लेवल की जांच हुई।
पॉजिटिव- इस समय ग्रह स्थिति पूर्णतः अनुकूल है। बातचीत के माध्यम से आप अपने काम निकलवाने में सक्षम रहेंगे। अपनी किसी कमजोरी पर भी उसे हासिल करने में सक्षम रहेंगे। मित्रों का साथ और सहयोग आपकी हिम्मत और...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.