• Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Raipur
  • Chief Minister Bhupesh Will Go To Saifai To Pay Tribute To Mulayam: Will Return To The Capital Today After Completing Kawardha's Bhent Mulakat, Will Leave For UP On Tuesday

मुलायम को श्रद्धांजलि देने सैफई जाएंगे मुख्यमंत्री भूपेश:कवर्धा की भेंट-मुलाकात पूरी कर आज ही लौटेंगे राजधानी, मंगलवार को UP रवाना होंगे

रायपुर6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कवर्धा विधानसभा की भेंट-मुलाकात खत्म कर देर रात राजधानी वापस लौट रहे हैं। उनको उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव की अन्त्येष्टि में शामिल होने उनके पैतृक गांव सैफई जाना है। मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह 10 बजे के बाद लखनऊ के लिये रवाना हो जाएंगे। मुलायम सिंह का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया है।

मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को सुबह 8.16 बजे अंतिम सांस ली। वे 82 साल के थे। मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। उनके निधन की सूचना पर छत्तीसगढ़ के नेताओं ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। कवर्धा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, मुलायम सिंह जी बहुत ही वरिष्ठ राजनेता थे। कई बार सांसद-विधायक, तीन बार के मुख्यमंत्री, केंद्र में रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग के मंत्री का पदभार भी उन्होंने संभाला। समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे। उनका लंबा राजनीतिक जीवन था। एक ऐसे नेता थे जो जमीन से जुड़े हुए थे। आम जनता से जुड़कर वे राजनीति करते थे और कड़े फैसले लेने में उन्होंने कभी पीछे नहीं हटे। ऐसे राजनेता के जाने से भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ओर से उन्हें श्रद्धांजली दी। बाद में तय हुआ कि मुख्यमंत्री को मुलायम सिंह यादव की अन्त्येष्टि में जाना है। उसके बाद मुख्यमंत्री के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में बदलाव किया गया।

भाजपा नेताओं ने भी जताया शोक

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा है कि मुलायम सिंह समर्पित जन नेता थे। वे स्पष्ट सोच व्यक्त करने वाले नेता के रूप में स्थापित रहे। मुलायम सिंह यादव समाजवादी राजनीति के मजबूत राजनेता थे। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, मुलायम सिंह यादव कुशल राजनीतिक संगठक थे। उन्होंने अपनी संगठन क्षमता के बूते राजनीतिक दल की स्थापना की और मुख्यमंत्री बने। मुलायम सिंह यादव का निधन समाजवादी विचारधारा की गहरी क्षति है।

मंगलवार को तीन बजे होनी है अन्त्येष्टि

मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर गुरुग्राम से उनके पैतृक गांव सैफई ले जाया गया है। वहां उनके दर्शनों के लिए भारी भीड़ जुटी है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने बताया है, मंगलवार को तीन बजे नेताजी का अंतिम संस्कार किया जाएा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित केंद्र सरकार के कई बड़े नेता मंगलवार को सैफई पहुंच रहे हैं। कई राज्यों मुख्यमंत्री और प्रमुख राजनीतिक दलों के नेता वहां पहुंच रहे हैं।

खबरें और भी हैं...