छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक 19 दिसम्बर को तय हुई है। इसमें 26 जनवरी से प्रस्तावित हाथ जोड़ो यात्रा की रूपरेखा तय की जाएगी। इसी बैठक में फरवरी में प्रस्तावित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियों पर भी बात होगी। छत्तीसगढ़ में यह कांग्रेस का पहला राष्ट्रीय अधिवेशन है।
कांग्रेस की ओर से बताया गया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की अध्यक्षता में यह बैठक राजीव भवन में दोपहर 12 बजे होनी है। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और छत्तीसगढ़ सह प्रभारी डॉ. चंदन यादव और सह प्रभारी सप्तगिरी शंकर उलका भी शामिल होने वाले हैं। इस बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी, जिला, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं मोर्चा, संगठन, प्रकोष्ठ विभाग के प्रदेश अध्यक्षों को शामिल होना है। इसमें फरवरी में प्रस्तावित कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन और हाथ जोड़ो यात्रा की तैयारी सहित कुछ अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत होनी है।
“भारत जोड़ो पदयात्रा' के परिणामों से उत्साहित कांग्रेस चुनावी साल में फिर यात्रा की राह पर है। कांग्रेस ने 26 जनवरी से "हाथ जोड़ो' यात्रा शुरू करने की घोषणा कर दी है। इसे भी भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर ही निकाला जाएगा। यात्रा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथों को जोड़ेगी। हर जिले में एक अधिवेशन होगा। अंत में एक बड़ी रैली का आयोजन कर इस यात्रा का समापन प्रस्तावित है। इस यात्रा का रास्ता कौन सा होगा और उसको कैसे पूरा किया जाएगा, इसका खाका बन रहा है। 19 दिसम्बर को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में इस यात्रा की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
फरवरी के पहले सप्ताह में राष्ट्रीय अधिवेशन
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में स्टीयरिंग कमेटी की पहली बैठक में पार्टी का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन रायपुर में आयोजित करने का फैसला हुआ था। यह छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए पहला अवसर है जब उनको इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी मिली है। अधिवेशन के दौरान यहां करीब 10 हजार प्रतिनिधि रायपुर पहुंचने वाले हैं। ऐसे में इसकी तैयारियां एक महीने पहले ही शुरू करनी होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.