टाटीबंध चौक पर इंटरचेंज फ्लाईओवर का काम 90 फीसदी पूरा हो गया है। निर्माण करने वाली एजेंसी ने जून के पहले सप्ताह में काम पूरा कर इसे शुरू करने का दावा किया है। इससे पहले अप्रैल के आखिरी सप्ताह में चालू करने का दावा किया गया था। जानकारों का कहना है कि बारिश से पहले ब्रिज का काम संभव नहीं है। इसमें देरी होगी, क्योंकि दुर्ग की ओर फ्लाईओवर का काम बचा हुआ है। पिलर में गडर चढ़ाना बाकी है। रिंग रोड-1 और हीरापुर की ओर काम तेजी से चल रहा है।
रोजाना दो लाख वाहन अधिकांश हैवी ट्रक : ट्रैफिक पुलिस के सर्वे के अनुसार टाटीबंध चौक से रोजाना यानी 24 घंटे में 2 लाख से ज्यादा वाहन गुजर रहे हैं। इनमें 50 फीसदी से ज्यादा गाड़ियां हैवी यानी ट्रक हैं। महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलगाना, बिलासपुर की ओर से आने वाली गाड़ियां यहां से गुजरती हैं। रायपुर और दुर्ग-भिलाई को जोड़ने वाला मुख्य चौराहा है।
आमानाका और हीरापुर की ओर वन-वे
टाटीबंध फ्लाईओवर में रिंग रोड-2 से हीरापुर और शहर की ओर आने वाले लोग फ्लाईओवर पर चढ़ नहीं पाएंगे। दोनों दिशा में फ्लाईओवर को वन-वे किया जा रहा है। यहां से गाड़ियां सिर्फ उतरेंगी। चढ़ने की सुविधा नहीं रहेगी। उन्हें फ्लाईओवर के नीचे से जाना पड़ेगा। दुर्ग की ओर से आने वाली गाड़ियां ही फ्लाईओवर के ऊपर तीनों दिशाओं में जा पाएंगी। उन्हें किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। वहीं रिंग रोड-1 सरोना की ओर से आने वाले भी फ्लाईओवर के ऊपर से सिर्फ दुर्ग की ओर ही जा पाएंगे।
कोरोना के कारण काम बंद
टाटीबंध चौक पर लगातार सड़क हादसे की वजह पहले चौक का डिजाइन बदला गया। उसके बाद वॉय शेप में इंटरचेंज फ्लाईओवर बनाने का फैसला किया गया। 2019 में टेंडर जारी किया गया। गुजरात की कंपनी को ठेका दिया गया। प्रारंभ में फ्लाईओवर का बजट 98 करोड़ था। सितंबर 2020 में फ्लाईओवर का काम शुरू किया गया। टेंडर के अनुसार दिसंबर 2021 में फ्लाईओवर का काम पूरा हो जाना था। 2021 में कोरोना की वजह से काम बंद हो गया और प्रोजेक्ट में देरी हो गई। निर्माण की लागत भी बढ़ गई। बजट को 98 करोड़ से बढ़ाकर 119 करोड़ कर दिया गया। प्रोजेक्ट पूरा करने की नई तारीख जून 2022 तक की गई। जून में जब प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ तो दिसंबर तक पूरा करने का दावा किया गया। दिसंबर में कलेक्टर-एसएसपी ने निर्माण का जायजा लिया और मौके पर जाकर निरीक्षण किया। तब 26 जनवरी 2023 को ब्रिज शुरू करने का दावा किया गया।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.