रायपुर के IP क्लब में फायरिंग करने वाले दिलीप मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिलीप मिश्रा से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। दिलीप पहले भी कई मामलों में आरोपी रह चुका है। अक्सर शहर के कई कांग्रेस नेताओं के साथ घूमता नजर आता है। फायरिंग की घटना 13 नवंबर को हुई थी। 14 दिन बाद अब इस मामले में दिलीप पुलिस की गिरफ्त में है।
खबर है कि IP क्लब में देर रात लोग डिस्को थेक पर डांस कर रहे थे। यहां दिलीप और उसके साथ शैंकी ठाकुर नाम का युवक भी मौजूद था। दिलीप ने यहां मौजूद लोगों की बीच कमर में फंसी पिस्टल निकाली और डिस्को थेक पर फायर कर दिया। गोली बंदूक को नीचे पॉइंट करके चलाई गई। जहां गोली चली उसके बेहद करीब कुछ युवक खड़े थे। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
शोएब ढेबर पर भी केस
इसी IP क्लब में मारपीट करने के दूसरे मामले में शोएब ढेबर पर भी केस दर्ज किया गया है। ये घटना 7 नवंबर को हुई थी। यहां कुछ युवकों के साथ शोएब और उसके दोस्तों का झगड़ा हो गया था। क्लब में लगे CCTV में शोएब मारपीट करता दिख रहा था। पुलिस ने इसके खिलाफ 18 दिन बाद मारपीट, गाली गलौज की मामूली धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों ही मामलों में खबरें मीडिया में आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया। शोएब के प्रकरण में उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.