विधानसभा में भाजपा नेताओं पर एफआईआर औैर जिलाबदर को लेकर विपक्ष ने जमकर हंगामा मचाया। भाजपा विधायकों ने इसे अघोषित आपातकाल की स्थिति बताया तो वहीं मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि पुलिस ने तथ्यों के आधार पर सही कार्रवाई की है। शून्यकाल में भाजपा विधायकों ने कवर्धा सांसद संतोष पांडेय, भाजपा महामंत्री विजय शर्मा के खिलाफ एफआईआर किए जाने औैर कैलाश चंद्रवंशी औैर सौरभ सिंह नाम के कार्यकर्ताओं के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई के मामले में स्थगन प्रस्ताव दिया था। विपक्ष के आरोपों के बीच जब मंत्री अकबर ने कार्यवाही को उचित ठहराया तो भाजपा विधायक आक्रोशित हो गए औैर पक्ष औैर विपक्ष के बीच जमकर नोकझोंक हुई। लगातार हंगामे के कारण सदन की कार्रवाई तीन बार रोकनी पड़ी।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से होने वाले आंदोलन पर जिला बदर की कार्यवाही होना गलत है। कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर जिला बदर किया जा रहा है। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कमजोर नहीं है। यह मानसिकता लोकतांत्रिक नहीं है। हमारे 15 साल में एक भी राजनीतिक कार्यकर्ता पर जिला बदर की कार्रवाई नहीं हुई।
अकबर ने कहा- पुलिस से धक्कामुक्की का वीडियाे उपलब्ध है
इस मामले में कवर्धा विधायक औैर मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि पुलिस कार्रवाई एकदम सही है। जिनका आप जिक्र कर रहे हैं, उन पर अपराध दर्ज हैं। कोई व्यवस्था बिगाड़े और पुलिस से धक्कामुक्की करे तो केस तो दर्ज होगा ही। इसके वीडियो उपलब्ध हैं। जब कार्यवाही हो रही है तो क्या ऐसे लोगों को यहां संरक्षण देना चाहिए।
मंत्री ने स हायक आयुक्त को निलंबित किया
गरियाबंद जिला अंतर्गत आश्रम छात्रावासों कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के मुद्दे पर कांग्रेस विधायक अमितेश शुक्ला ने सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि साढ़े चार साल से गायब कर्मचारी को पैसा लेकर नियमित कर दिया गया। मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने सहायक आयुक्त को निलंबित करने की घोषणा की।
वेतन विसंगति के मुद्दे पर घिरे शिक्षा मंत्री, आधे घंटे की चर्चा मंजूर की
सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति के मुद्दे को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री घिर गए। विपक्ष ने आरोप लगाए की उनके किसी भी सवाल का स्पष्ट जवाब नहीं आ रहा है। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ.प्रेमसाय सिंह टेकाम ने अपने जवाब से विपक्ष को संतुष्ट करने की कोशिश की लेकिन भाजपा विधायक बार बार यही सवाल करते रहे कि वेतन विसंगति क्या और इसके लिए बनाई गई कमेटी ने क्या बिंदु तय किए हैं। स्पीकर डा.चरणदास महंत ने कहा कि आप लिखकर दीजिए मैं आधे घंटे की चर्चा मंजूर करता हूं।
कौशिक ने कहा- धान खरीदी का 82% हिस्सा केन्द्र का
भाजपा विधायक धरमलाल काैशिक ने कहा कि यह भरोसे नहीं धोखे का बजट है। पहले घोषणा पत्र और अब बजट के जरिए सरकार ने छलने का काम किया है। यह बाजीगरी का बजट है।
केन्द्र और राज्य के बीच पिस रही जनता
बंजारे पामगढ़ विधायक इंदु बंजारे ने कहा कि इसमें ऐसा कुछ नहीं है जिसके कारण इसे भरोसे का बजट कहा जा सके। उन्होंने कहा कि पीएम आवास को लेकर केन्द्र और राज्य के बीच आमजनता पिस रही है। शराबबंदी की घोषणा अब तक नहीं की।
रंजना ने कहा- 71 उलटकर कब 17 हो जाएगा पता नहीं चलेगा
भाजपा विधायक रंजना साहू ने कहा कि सरकार जनादेश के अहंकार में है। लेकिन 71 का आंकड़ा कब उलटकर 17 हो जाएगा पता नहीं चलेगा। सरकार का गुनाह जनता भुगत रही है। धरसा विकास योजना प्राधिकरण का गठन इस सरकार ने किया लेकिन एक भी काम नहीं हुआ।
चंद्रा ने कहा- गांव, गरीब की चिंता नहीं कर रही सरकार
बसपा विधायक केशव चंद्रा ने कहा कि चार बजट में कितने पुल,पुलिया और सड़क बने। चार साल तक गरीबों की चिंता क्यों नहीं की। यह सिर्फ चुनावी बजट है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.