प्रदेश से ठंड लगभग गायब हो गई है। रात का तापमान सभी जगहों पर सामान्य से ज्यादा है। नमी बढ़ने की वजह से रात का तापमान बढ़ने लगा है। उत्तर से भी ठंडी और शुष्क हवा आने का सिलसिला थम गया है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक रात के तापमान में वृद्धि का ट्रेंड रहेगा। इससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बन रहा है। यह अगले कुछ दिनों में कम दबाव के क्षेत्र और तगड़े सिस्टम अवदाब के रूप में विकसित हो जाएगा।
8 दिसंबर तक यह उत्तरी तमिलनाडू, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्रप्रदेश तट तक पहुंच जाएगा। इससे बड़ी मात्रा में नमी समुद्र से इस ओर पहुंचेगी। दक्षिणी राज्यों तक नमी पहुंचने और बारिश होने का असर प्रदेश में भी पड़ेगा। नमी आने से रात के तापमान में वृद्धि होगी। शुक्रवार को प्रदेश के सभी जगहों पर न्यूनतम तापमान बढ़ गया। रायपुर में पारा 16.4 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। जगदलपुर में नमी की मात्रा बहुत बढ़ने की वजह से रात के तापमान में काफी वृद्धि हो गई।
यहां तापमान 17.6 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से छह डिग्री अधिक है। बिलासपुर, पेंड्रारोड, अंबिकापुर तथा राजनांदगांव में पारा सामान्य से एक से दो डिग्री तक अधिक है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में वृद्धि जारी रहेगी। तापमान में एक से दो डिग्री तक बदलाव आने की संभावना है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.