बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर खत्म होने के बाद हवा की दिशा बदलने लगी है। उत्तर और उत्तर-पूर्व से आने वाली हवा के प्रभाव से रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार को सूरज ढलते ही हल्की ठंड का अहसास हाेने लगा है। रात बढ़ने के साथ ही ठंड बढ़ती गई।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार को रात के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। आसमान साफ है। वातावरण शुष्क है। हवा की दिशा भी उत्तर और उत्तर-पूर्वी है। ये सब परिस्थितियां प्रदेश में ठंड बढ़ने का इशारा कर रही हैं। वातावरण में शुष्कता का अधिक होना यानी हवा में नमी लगभग खत्म हो गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नमी विहीन हवा जल्दी ठंडी होती है और उससे वातावरण में ठंडकता बढ़ती है। नवंबर के पहले सप्ताह में त्योहार है और उम्मीद की जा रही है कि इस समय तक प्रदेश में ठंड काफी बढ़ जाएगी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार शुक्रवार से रात के तापमान में गिरावट आने की स्थितियां बनी हैं। दिन के तापमान में बहुत ज्यादा अंतर आने की फिलहाल संभावना नहीं है। यह प्रदेश के अधिकांश जगहों पर 32 से 34 डिग्री के बीच रहेगा। हवा में नमी बहुत कम हो जाएगी और मौसम शुष्क रहेगा।
अंबिकापुर में 17 डिग्री पारा
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि रायपुर में बुधवार को रात का तापमान 24 डिग्री के करीब था। इसी तरह पेंड्रारोड, अंबिकापुर में भी रात का तापमान 17 डिग्री तक पहुंच गया है। अन्य जगहों पर 20-22 डिग्री तक है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.