संवर रहे रायपुर के छठ घाट:खारून से दर्जनों ट्रॉली गंदगी साफ, शहर के तालाबों को भी सजाया जा रहा, भोजपुरी सिंगर देंगे प्रस्तुति

रायपुर5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

रायपुर में छठ घाटों को संवारने का काम जाेरों पर है। शुक्रवार को छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई। पहले दिन नहाय खाय पर व्रती नहा धोकर कर आज के दिन चने कि दाल, कद्दू की सब्जी और चावल का प्रसाद ग्रहण करते हैं। ये सारा खाना सेंधा नमक में बनता है और इस खाने के बाद से व्रत का प्रारंभ होता है।

रायपुर में महादेव घाट के खारून तट पर बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। 30 की शाम और 31 अक्टूबर की सुबह यहां हजारों परिवार छठ पूजा मनाने पहुंचेंगे। छठ महापर्व आयोजन समिति के प्रमुख राजेश कुमार सिंह और शशि सिंह ने बताया खरना 29 अक्टूबर को होगा, संध्या अर्घ्य 30 अक्टूबर को होगा और सुबह अर्घ्य 31 अक्टूबर को होगा।

रायपुर का आमा तालाब
रायपुर का आमा तालाब

30 की दोपहर दो बजे से रात दो बजे तक महादेव घाट पर मंच से भोजपुरी सिंगर्स की परफॉर्मेंस होगी। यहां दिलीप षड़ंगी, भोजपुरी कलाकार एवं सुर संग्राम विजेता मोहन राठौर, भोजपुरी कलाकार प्रियंका पांडेय, अंतर्राष्ट्रीय नृत्य नाटिका प्रसिद्ध सोनाली और तरुण चोपड़ा ग्रुप कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 31 अक्टूबर की सुबह सूर्य उदय के साथ अर्घ्य के बाद भंडारे का आयोजन होगा।

बीरगांव में ये है तैयारी
बीरगांव के व्यास तालाब में भी छठ महापर्व की तैयारी पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम के आयोजन समिति से जुड़े रविंद्र सिंह और सुमंत उपाध्याय ने बताया यहां 30 अक्टूबर की शाम 5:00 बजे से छठ व्रतियों का पहुंचना शुरू हो जाएगा । व्यास तालाब को साफ किया गया है। यहां सिंगर आर्य नंदिनी, आरू साहू, साईं राहुल, अमर रघुवंशी, लल्लू महाराज, शुभम भास्कर, खुशबू उत्तम, भवानी पांडे जैसे लोक कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।

व्यास तालाब में तैयारी।
व्यास तालाब में तैयारी।

आमा तालाब में चला सफाई अभियान
रायपुर के समता कॉलोनी इलाके से लगे आमातालाब में भी सफाई अभियान जोरों पर है। यहां पर भी आस-पास के इलाकों से छठ पूजा में शामिल होने लोग पहुंचेंगे । घाटों को साफ किया गया है, किनारों पर मौजूद कचरे को हटाया गया है । रंग रोगन के जरिए घाटों की व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है।

आमातालाब में तैयारी।
आमातालाब में तैयारी।

कलेक्टर SSP ने किया दौरा
रायपुर नगर निगम की टीमों ने महादेव घाट से सफाई करते हुए 10 ट्रॉली से अधिक कचरा साफ किया है। कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे और एसएसपी प्रशांत कुमार अग्रवाल ने छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से कहा कि घाटों की सफाई समय पूर्व कर लें छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखें।