निगम का लोगो लगाकर बेच रहे थे बैन पॉलीथिन:रायपुर की एक दुकान छापे के बाद सील की गई, फर्जीवाड़े पर होगी FIR

रायपुर5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भारत में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन है। रायपुर में भी किसी भी दुकान में इनका व्यापार किए जाने की अनुमति नहीं है। इसके बाद एक दुकानदार ने सारी हदों को पार कर दिया। न सिर्फ पॉलीथिन बेच रहा था, बल्कि बेची जा रही पॉलीथिन पर नगर निगम का लोगो था, इस प्लास्टिक पर लिखा था कि ये पूरी तरह से नष्ट हो जाता है और पर्यावरण के लिए हानिकारक नहीं है।

इसकी खबर रायपुर नगर निगम के अफसरों को लगी। मंगलवार को निगम की सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ तृप्ति पाणिग्रही ने अपनी टीम के साथ दुकान पर छापा मार दिया। शास्त्री मार्केट की इस दुकान में दुकानदार गोपाल और इसकी महिला साथी ने अफसरों विवाद करना शुरू कर दिया। महिला ने अपना नाम लक्ष्मी शर्मा बताया, वो कभी खुद को पत्रकार तो कभी खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बता रही थी।

निगम की सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ तृप्ति पाणिग्रही ने बताया कि महिला ने कार्रवाई को रोकने की कोशिश की। निगम ने किसी पॉलीथिन में निगम का लोगो लगाकर बेचने के लिए किसी को अधिकृत नहीं किया था, बावजूद इसके महिला लोगो का गलत इस्तेमाल कर रही थी। अब नगर निगम के नाम का दुरुपयोग करने वाली महिला के खिलाफ एफआईआर कराने की भी तैयारी की जा रही है।

जांच करने गए अफसरों ने दुकान से प्लास्टिक जब्त किया और 5 हजार का फाइन भी दुकान पर लगाया। इसी के साथ दुकान को सील कर दिया गया है। पता चला है कि लक्ष्मी नाम की महिला ने ही निगम के लोगो वाली थैलियां छपवाईं थीं।

1 जुलाई से बैन है सिंगल यूज प्लास्टिक
भारत सरकार ने 1 जुलाई से सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। प्लास्टिक कचरा प्रबंधन नियम के अंतर्गत ये बैन कुल 19 वस्तुओं पर लगा है। प्रतिबंध लगने के बाद देशभर में कंपनियां स्ट्रॉ से बने प्रोडक्ट को बाजार में नहीं बेच पाएंगी। बैन हुई वस्तुओं में थर्माकोल से बनी प्लेट, कप, गिलास, सिगरेट पैकेट की फिल्म, प्लास्टिक के झंडे, कटलरी जैसे कांटे, चम्मच, चाकू, पुआल, ट्रे, मिठाई के बक्सों पर लपेटी जाने वाली फिल्म, निमंत्रण कार्ड, गुब्बारे की छड़ें और आइसक्रीम पर लगने वाली स्टिक, क्रीम, कैंडी स्टिक और 100 माइक्रोन से कम के बैनर शामिल हैं।

क्या होता है सिंगल यूज प्लास्टिक?
सिंगल यूज प्लास्टिक से मतलब एक बार इस्तेमाल किए जाने वाले प्लास्टिक प्रोडक्ट से है। सिंगल यूज प्लास्टिक को केवल एक बार प्रयोग करके फेंक दिया जाता है। इनमें प्लास्टिक की थैलियां, डिस्पोजल प्लास्टिक, स्ट्रॉ, सोडा वा पानी की बोतलें शामिल हैं।