BJP की महिलाओं का सड़क पर मार्च:राज्यपाल से मिलने पहुंचीं BJP की महिला नेताओं ने कहा- नशाखोरी, अपराध बढ़ा, जिम्मेदार कांग्रेस

रायपुर5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की नेताओं ने गुरुवार को पैदल मार्च किया। इन महिलाओं ने पार्टी के एकात्म परिसर स्थित कार्यालय से रैली निकाली। नारेबाजी करते हुए ये महिलाएं राजभवन पहुंची। इस पैदल मार्च में प्रदेश की महिलाओं से जुड़े मुद्दों की तख्तियां महिला नेताओं ने पकड़ रखी थी।

महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सीमा साहू ने बताया कि प्रदेश मंे कांग्रेस की वजह से अव्यवस्था का माहौल है। यहां अपराध और नशाखोरी के मामले बढ़े हैं। महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ा है। सबसे बड़ी बात रही कि कांग्रेस ने चुनाव के वक्त शराबबंदी का वादा किया और अब मुकर गई है। हमनें ज्ञापन देकर राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात की है। उनसे कहा है कि वो इन मामलों पर कुछ करें।

11 नवंबर को आ रही हैं स्मृति इरानी
आने वाले दिनों में भाजपा बैक टू बैक कई आंदोलन करने जा रही है। आरक्षण के मुद्दे को लेकर भाजपा सभी जिला मुख्यालयों में 9 नवंबर को चक्काजाम करने जा रही है। दो दिन बाद ही 11 नवंबर को बिलासपुर में महिला सुरक्षा की मांग को लेकर महतारी हुंकार रैली का आयोजन होगा। रैली में राष्ट्रीय कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष वानाथी श्रीनिवासन भी शामिल होंगी।

इस आयोजन को लेकर छत्तीसगढ़ सहप्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि, भाजपा प्रदेश की आधी आबादी की समस्याओं की वकील बनकर न्यायधानी में आंदोलन कर रही है। इसके बाद 16 से 20 नवंबर तक संभाग स्तरीय गौरव प्रदर्शनी का आयोजन होगा। बस्तर में 21 नवंबर और सरगुजा संभाग में 28 नवंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। शहीद वीर नारायण सिंह की बलिदान दिवस 10 दिसंबर को भाजपा जनजातीय अधिकार दिवस के रूप में मनाएगी।

खबरें और भी हैं...