छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में गुरुवार देर एक यात्री बस ने एक लड़की को कुचल दिया। लड़की अपने पिता के साथ बाइक पर पीछे बैठी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। पिता-पुत्री सड़क पर गिर, तभी बस लड़की को कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद चालक बस सहित भाग निकला। हालांकि शुक्रवार को चालक को गिरफ्तार कर पुलिस ने बस जब्त कर ली है। राखी थाना पुलिस ने बस चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बालोद निवासी रुकमणि साहू अपने पिता चंद्रहास साहू के साथ सेक्टर-27 में बड़े भाई नेमन साहू के घर आई थी। गुरुवार शाम करीब 6 बजे पिता-पुत्री बाइक पर साप्ताहिक बाजार जाने के लिए निकले थे। अभी वे दीनदयाल उपाध्याय चौक पर पहुंचे थे और सड़क क्रॉस कर रहे थे। तभी मंत्रालय की ओर से आ रही बस ने पीछे से टक्कर मारते हुए बाइक को चपेट में ले लिया। बस से रगड़ते हुए बाइक सवार दोनों लोग गिर पड़े।
चंद्रहास साहू सर्किल की ओर गिरा, जबकि उसकी बेटी रुकमणि सड़क की ओर जा गिरी। तभी बस उसे कुचलते हुए निकल गई। इसके चलते रुकमणि की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चंद्रहास को भी चोट आई है। हादसे के बाद भी चालक ने बस की रफ्तार धीमे नहीं की और भाग निकला। इस दौरान कुछ वाहन भी निकले, पर किसी ने मदद नहीं की। थोड़ी देर बाद एक कार सवार और कुछ लोग रुके और उन्होंने मदद के लिए पुलिस को कॉल किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.