संजीव कटियार बने बिजली उत्पादन कंपनी के लिए MD:अभी तक हसदेव बिजली घर में कार्यपालक निदेशक थे, ट्रांसमिशन कंपनी की उज्जवला को सेवा विस्तार

रायपुर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
सीनियर टेक्नोक्रेट संजीव कुमार कटियार ने गुरुवार को विद्युत उत्पादन कंपनी के MD का कार्यभार संभाल लिया। - Dainik Bhaskar
सीनियर टेक्नोक्रेट संजीव कुमार कटियार ने गुरुवार को विद्युत उत्पादन कंपनी के MD का कार्यभार संभाल लिया।

राज्य सरकार ने संजीव कुमार कटियार को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी का नया प्रबंध संचालक-MD बनाया है। उनकी नियुक्ति एन.के. बिजौरा की जगह पर हुई है। बिजौरा 30 नवम्बर को सेवानिवृत्त हो गए। इधर राज्य पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की प्रबंध संचालक उज्जवला बघेल को सेवा विस्तार मिल गया है। वे भी 30 नवम्बर को रिटायर हो गईं, लेकिन एक साल का कार्यकाल पूरा करने तक वे MD बनी रहेंगी।

ऊर्जा विभाग ने दोनों शीर्ष अफसरों के संबंध में नये निर्देश जारी कर दिए हैं। उसके बाद कटियार से गुरुवार को डगनिया स्थित बिजली कंपनी के मुख्यालय पहुंचकर कार्यभार भी संभाल लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा, उनकी प्राथमिकता सस्ती दर पर बिजली उत्पादन की रहेगी। इसके लिए जनरेशन कंपनी में लगातार दक्षता बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा। संजीव कटियार कई दशक से विद्युत उत्पादन सेक्टर संभाल रहे हैं। अभी तक वे कोरबा स्थित हसदेव ताप विद्युत गृह-पश्चिम में कार्यपालक निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

इधर पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में की प्रबंध संचालक-MD उज्जवला बघेल के लिए भी नया आदेश जारी हुआ है। बताया जा रहा है, उज्जवला ने इसी साल मई में MD की जिम्मेदारी संभाली थी। यह नियुक्ति एक साल के लिए हुई थी। आयु सीमा पूरी करने के बाद 30 नवम्बर को वे रिटायर हो रही थीं। लेकिन ऊर्जा विभाग ने नियुक्ति आदेश में बची हुई सेवा पूरी होने तक उनको नई नियुक्ति प्रदान कर दिया है। यानी अब वे कम से कम 4 महीनों तक ट्रांसमिशन कंपनी की जिम्मेदारी संभालेंगी।

जबलपुर से इंजीनियरिंग ग्रेजुएट हैं कटियार

बताया गया, संजीव कटियार ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जबलपुर से बी.ई. मेकेनिकल की पढ़ाई की है। फरवरी 1983 में उन्होंने मध्यप्रदेश विद्युत मंडल में प्रशिक्षु सहायक अभियंता के तौर पर नौकरी शुरू की। हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम के संचालन में अपनी सेवायें देते हुए 210 मेगावॉट की प्रथम यूनिट के सिंक्रोनाईजेशन में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्युत मंडल मुख्यालय जबलपुर में पदस्थापना के दौरान बाण सागर जल विद्युत परियोजना के निर्माण तथा क्रियान्वयन में भी इनका योगदान रहा है।

पिछले साल पदोन्नत होकर मुख्य अभियंता बने थे

संजीव कटियार को पिछले साल 25 नवम्बर मुख्य अभियंता के पद पर पदोन्नति दी गई थी। उसके बाद उन्हें कोरबा पश्चिम में मुख्य अभियंता (उत्पादन) बनाया गया। इस साल 7 सितंबर को उन्हें हसदेव ताप विद्युत गृह कोरबा पश्चिम में कार्यपालक निदेशक बनाकर पदस्थ किया गया। तबसे वे वहीं अपनी सेवा दे रहे थे।

खबरें और भी हैं...