सरगुजा संभाग के कई इलाके, खासकर वनक्षेत्र और पहाड़ों पर कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। अंबिकापुर से कोरिया तक रात का तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच अा गया है। राजधानी में तापमान 15 डिग्री के ऊपर है, लेकिन आउटर यानी लाभांडी में 11 डिग्री तक उतर गया है। बस्तर में अगले 24 घंटे में रात की ठंड बढ़ने लगेगी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन में प्रदेश का बड़ा हिस्सा कड़ाके की सर्दी की चपेट में आ सकता है और पहाड़ों पर ओस जमने के आसार हैं। जवाद चक्रवात का असर खत्म होने के बाद से प्रदेश में मौसम शुष्क है और अधिकांश हिस्से धीरे-धीरे उत्तर से आने वाली ठंडी हवा की चपेट में आ रहे हैं। इस कारण न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। प्रदेश में सबसे कम तापमान कोरिया में 8 डिग्री से कुछ अधिक रहा।जबकि अंबिकापुर का 9.9 व डूमरबहार में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया है। हालांकि प्रदेश में अभी कहीं भी शीतलहर की स्थिति नहीं है। जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे हो जाए और यह सामान्य से 5 डिग्री कम हो, तो मौसम विभाग शीतलहर की घोषणा करता है।
कई राज्यों में अच्छी ठंड
मौसम विज्ञानियों के अनुसार 15 दिसंबर के बाद ठंड में वृद्धि हो सकती है। इसकी वजह ये है कि पश्चिम विक्षोभ अफगानिस्तान के ऊपर है, जिसका असर बुधवार को खत्म हो जाएगा। इससे केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं भारत के ज्यादातर राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.