प्रदेश में सोमवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी ठंड रही। तापमान कई जगहों पर सामान्य से नीचे पहुंच गया है। शुष्क और ठंडी हवा आने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहेगा और प्रदेश के दक्षिण को छोड़कर शेष हिस्सों में अच्छी ठंड महसूस होगी। बुधवार से तापमान में गिरावट का दौर खत्म हो जाएगा। रात के तापमान में कहीं-कहीं पर स्थिरता रहेगी तो कुछ जगह वृद्धि देखी जा सकेगी। रात का तापमान बढ़ने का असर ठंड पर पड़ेगा और लोग ठंड से थोड़ी राहत महसूस करेंगे।
प्रदेश में ठंडी हवा आने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। पेंड्रारोड में रात का तापमान सबसे कम 10.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान यहां तापमान में बहुत मामूली गिरावट यानी 0.1 डिग्री आई, लेकिन पारा फिर भी सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। इसके विपरीत अंबिकापुर में 11 डिग्री रहा, लेकिन पिछले 24 घंटे में एक डिग्री की वृद्धि हो गई। यहां रात का तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। राजधानी रायपुर में तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आई है। तापमान 15.2 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार बस्तर में आज भी परिस्थिति थोड़ी अलग रहे। जगदलपुर में रात का तापमान 15.9 रिकार्ड किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान इसमें कोई अंतर नहीं आया। सोमवार को भी तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा।
उत्तरी छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं पर रहेगा कोहरा
प्रदेश में मंगलवार तक मौसम शुष्क रहेगा। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ जगह में सुबह हल्का कोहरा रहने की संभावना है। बुधवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट आनी बंद होगी। ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर का न्यूनतम तापमान कल 17 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। यानी तापमान बढ़ जाएगा। इससे शहर में ठंड थोड़ी कम हो जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.