छत्तीसगढ़ में कोरोना के बढ़ते मामलों ने कांग्रेस नेतृत्व की भी चिंता बढ़ा दी है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष साेनिया गांधी ने रविवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को फोन किया। उन्होंने प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर के रोकथाम तैयारी की जानकारी ली। उन्होंने कहा, सरकार महामारी नियंत्रण और इलाज की पूरी व्यवस्था रखे।
देश के साथ छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के बढ़ने की वजह से चिंतित कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री से ओमिक्रान वेरीयंट के संबंध में भी की बातचीत की। प्रदेश में ऑक्सीजन, बेड, वेंटिलेटर और दवा आदि की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने सरकार की तैयारियों की भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज फोन पर ओमिक्रान संक्रमण और सरकार की तैयारियों के बारे में जानकारी ली है। हालांकि छत्तीसगढ़ में कोरोना फिर फैल रहा है पर ओमिक्रान होने की पुष्टि अब तक नहीं हुई है। जांच करवा रहे हैं। मैंने उन्हें आश्वस्त किया है कि हमारी तैयारी पूरी है।
प्रदेश में अभी ऐसे हैं हालात
छत्तीसगढ़ में शनिवार को कोरोना के 279 नए मरीज मिले। वहीं एक मरीज की मौत हुई। अब प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1017 तक पहुंच गई। यह पिछले पांच महीनों के दौरान छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। अब से पहले 17 अगस्त को छत्तीसगढ़ में सक्रिय मरीजाें की संख्या 1037 तक थी।
आयोजनों पर प्रतिबंध लगा, सख्ती शुरू
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने फिलहाल के लिए सार्वजनिक आयोजनों पर कुछ हद तक प्रतिबंध लगा दिया है। आयोजन स्थल की क्षमता के 33% लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है। 200 से अधिक व्यक्तियों की उपस्थिति वाले किसी आयोजन के लिए कलेक्टर की पूर्व अनुमति अनिवार्य की गई है। बाजारों में भी मास्क नहीं पहनने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.