गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा- छत्तीसगढ़ की माताओं बहनों के साथ अत्याचार चरम सीमा लांघ चुका है मगर कांग्रेस को शर्म आती ही नहीं। जब भी छत्तीसगढ़ अस्मिता और सम्मान की बात होगी तो इस संबंध में कोई भी बात करने से पहले कांग्रेस को छत्तीसगढ़ की जनता से हाथ जोड़ कर माफी मांगनी चाहिये। हाल में प्रदेश की महतारी-बहनों के साथ ऐसी-ऐसी नृशंस दुष्कर्म की वारदातें हुई हैं, जिससे हमारा सर शर्म से झुक रहा है। प्रदेश में क़ानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है कि रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने के कारण पीड़िता को आत्महत्या करनी पड़ रही है।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में साव ने दावा किया कि यहां दुष्कर्म के 6 हजार से अधिक और मामले दर्ज हुए हैं। आदिवासी बालिकाओं से बलात्कार के मामले में छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। प्रदेश में कुपोषण विकराल रूप लेने लगा है। एनीमिया पीड़ित महिलाओं का प्रतिशत 65 से अधिक है। यह देश भर में सबसे अधिक है। आदिवासी क्षेत्रों के 25 हज़ार से अधिक बच्चों की इलाज के अभाव में मृत्यु हुई है।
दरअसल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि भाजपा के प्रदेश सह संगठन प्रभारी नितिन नबीन को माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा लगाए जाने पर नबीन ने कह दिया था कि प्रतिमा लगाने से क्या होगा, यहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। अब इसी वजह से उपजे बवाल की वजह से आक्रामक होकर भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस के लिए ये बयान जारी किए हैं।
भाजपा ने किए सवाल
- तीन-तीन राज्यसभा सदस्य बनाने का मौक़ा मिला कांग्रेस को वे सभी प्रदेश से बाहर से हैं और दूर-दूर तक उनका छत्तीसगढ़ से कोई सरोकार नहीं है। क्या एक भी छत्तीसगढ़िया उन्हें इस लायक नहीं लगा? इससे पहले भी राज्यसभा से बाहर की नेता ही भेजा कांग्रेस ने, क्या इस पर गर्व है कांग्रेस को?
- क्या राज्योत्सव में शुभकामना तक देने की जहमत उठाया इन सांसदों ने?
- Ed, it, CBI आदि की कार्रवाई से प्रदेश की कैसी छवि निर्मित हुई है क्या ऐसे भ्रष्टाचारों से छत्तीसगढ़ का सम्मान बढ़ा है? - रोज महिलाओं की आबरू लूटी जा रही है। कांग्रेस के नेतागण तक छत्तीसगढ़ की बेटियों का सम्मान लूटते पकड़े गए हैं। शर्म नहीं आती कांग्रेस को? - प्रदेश में 6 सौ से अधिक किसानों ने आत्महत्या की है। क्या इस पर शर्म आती है कांग्रेस को?
कांग्रेस ने दिया जवाब
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पत्रकार वार्ता का जवाब देते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा प्रभारी नितिन नवीन के द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान संबंधी बयान के 24 घंटे बाद भी राज्य के भाजपा नेताओं द्वारा खेद प्रकट नहीं करना इस बात को स्पष्ट करता है कि भाजपा के छत्तीसगढ़ के नेता या तो नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान तथा छत्तीसगढ़ियावाद के विरोध के बयान से सहमत है या फिर डर के मारे उन सबकी बोलती बंद है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बयान दिया लेकिन नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान वाले बयान पर असहमति नहीं जताई यह भाजपा का छत्तीसगढ़ विरोधी रवैया है भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अपने प्रभारी के बयान का बचाव करते नजर आ रहे है।
भाजपा छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण का झूठा श्रेय अपने नेताओं को देने की गलत बयानी पर विराम लगाये। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण छत्तीसगढ़ महतारी के बेटों की मांग और संघर्ष से हुआ है। मध्यप्रदेश विधानसभा में जब कांग्रेस के मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मंत्रिमंडल के सदस्य वर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रवीन्द्र चौबे, सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, स्व. महेन्द्र कर्मा आदि ने सर्वसम्मति से राज्य निर्माण का प्रस्ताव पारित करवा कर केंद्र को भेजा तब छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ।
नितिन नबीन को समझना चाहिये यह छत्तीसगढ़िया राष्ट्रवाद है जिसमें उनके प्रांत के छठ पर्व का भी सम्मान होता है। जो छत्तीसगढ़ से प्रेम करता है वही छत्तीसगढ़ी है। छत्तीसगढ़ के लोग भेदभाव नहीं करते लेकिन अपना अपमान भी बर्दाश्त नहीं कर सकते। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने मांग किया कि बिना किसी लागलपेट के भाजपा अपने प्रभारी के छत्तीसगढ़िया विरोधी रवैये की निःशर्त माफी मांगे। नबीन के बयान से छत्तीसगढ़ की दो करोड़ जनता की भावनायें आहत हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.