रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 7 दिसंबर की देर रात हुई चोरी के 3 आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग लड़का भी शामिल है। चोरों ने लोहे की जाली काटकर एक घर में चोरी कर ली थी। मकान मालिक शैलेश चौरसिया ने 9 दिसंबर को चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई थी।
जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक शैलेश चौरसिया फॉल सीलिंग के काम से बिलासपुर गए हुए थे। उनके घर के अन्य सदस्य भी शहर से घर से बाहर थे। 8 दिसंबर को पड़ोसियों ने शैलेश को जानकारी दी कि उनके घर के लोहे की जाली कटी हुई है। बाहर से झांककर देखने पर पूरा सामान बिखरा हुआ नजर आ रहा है। उन्होंने चोरी की आशंका जताई, जिसके बाद शैलेश अपने घर पहुंचे। उन्होंने जब घर के अंदर आकर देखा, तो पूरा सामान बिखरा हुआ पड़ा था।
चोरों ने छत पर लगे लोहे के जालीदार दरवाजे के साथ-साथ उस पर लगी फाइबर शीट को भी काट दिया था। चोरों ने कमरे में लगे ताले को भी काट दिया था। आरोपियों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपए नगद के अलावा सोने की चेन, अंगूठी और अन्य सामान को पार कर दिया था। पीड़ित ने इसके बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया।
रिपोर्ट लिखवाने के 48 घंटे के भीतर ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बंसी साहू (23 वर्ष) दिलकश अली (22 वर्ष) और एक नाबालिग लड़के को संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया। उनसे जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने 7-8 दिसंबर की दरम्यानी रात चोरी करने की बात कबूल कर ली। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 15 हजार रुपए और चोरी का कुछ सामान जब्त कर लिया गया। आरोपी तरुण नगर पंडरी इलाके के रहने वाले हैं। शहर में सूने घरों में चोरी की वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही है। इसी तरह का एक मामला डीडी नगर थाने में भी सामने आया था। यहां भी सूने मकान के दरवाजे को काटकर 90 हजार रुपए की चोरी कर ली गई थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.