छत्तीसगढ़ के सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिजनों के बेहतर इलाज के लिए दो और निजी अस्पतालों को अनुबंधित कर लिया गया है। इन अस्पतालों में रायपुर के श्री बालाजी सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल और रायगढ़ का श्री बालाजी मेट्रो केयर हॉस्पिटल शामिल है। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 26 जुलाई को ऐसे 75 अस्पतालों की पहली सूची जारी की थी। यानी एक सप्ताह के भीतर सरकार ने अनुबंधित अस्पतालों की दूसरी सूची जारी की है।
पहली सूची जारी होने के बाद अधिकारियों-कर्मचारियों में भारी नाराजगी थी। कहा जा रहा था कि सरकार ने उनकी सुविधाओं में कटौती की है। पिछले साल तक ऐसे 127 निजी अस्पताल अनुबंधित सूची में शामिल थे। इसमें से 40 के करीब राज्य के बाहर के अस्पताल थे। इसमें से अधिक संख्या दिल्ली के अस्पतालों की थी। नई सूची में प्रदेश से बाहर के केवल दो अस्पतालों को जगह मिली है। दोनों अस्पताल नागपुर के हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना था, इस सूची में और भी अस्पतालों के नाम जोड़े जाएंगे। मान्यता के लिए निर्धारित नवीनीकरण शुल्क नहीं मिलने के कारण बहुत से अस्पतालों के नाम पहली सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। संबंधित अस्पतालों द्वारा मान्यता के लिए शुल्क जमा किए जाने के बाद शासकीय कर्मियों और उनके परिजनों के इलाज के लिए अस्पतालों का दायरा और भी बढ़ेगा।
यहां देखिए अस्पतालों की नई सूची
सरकार उठाती है इलाज का खर्च
इन मान्यता वाले अस्पतालों में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवा योजना के तहत केंद्रीय कर्मचारियों के लिए लागू उपचार की दरों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जानी है। इन अस्पतालों में पहुंचने पर सरकारी कर्मचारी और उनके आश्रितों का इलाज तत्काल शुरू किया जाना है। इलाज का खर्च बाद में राज्य सरकार अदा करती है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.