• Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Raipur
  • Walked Along With Rahul From Umaria Chowki In Khargone, Planted A Sapling At Ambedkar's Birthplace With Soil And Water From Chhattisgarh

भारत जोड़ो यात्रा में पहली बार जय-वीरू साथ-साथ:मध्यप्रदेश में राहुल के साथ-साथ चले,अम्बेडकर की जन्मस्थली पर छत्तीसगढ़ की मिट्‌टी-पानी से पौधा रोपा

रायपुर6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजनीति के जय-वीरू यानी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की जोड़ी साथ-साथ नजर आई। दोनों दिग्गज नेता खरगोन जिले के उमरिया चौकी से इंदौर के बलवाड़ा तक राहुल गांधी के साथ-साथ चले। देर शाम महू में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जन्म स्थली पर छत्तीसगढ़ से ले जाए गए मिट्‌टी-पानी से पौधा रोपण किया गया।

छत्तीसगढ़ से गये अतिथि पदयात्रियों के लिए शनिवार-रविवार का समय तय हुआ था। इसके लिए कांग्रेस नेताओं का जत्थे अलग-अलग समय पर शुक्रवार को ही मध्य प्रदेश पहुंच गये थे। वहां अधिकांश नेता खंडवा के ओंकारेश्वर पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना के बाद सभी आसपास के हाेटलों में ठहरे। राहुल गांधी की भारत जोड़ाे यात्रा सुबह करीब 6 बजे खंडवा जिले के मोरटक्का से शुरू हुई।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता राहुल गांधी के साथ थोड़ी-थोड़ी देर तक चलते रहे। पदयात्रा में टी ब्रेक तक प्रियंका गांधी और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी साथ चलते रहे। बाद में प्रियंका इंदौर होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।

पदयात्री खरगोन के बड़वाह होते हुए खरगोन जिले के मनिहार पहुंच गये। यहां मॉर्निंग ब्रेक हुआ। करीब साढ़े 3 बजे यात्रा उमरिया चौकी से शुरू होकर बलवाड़ा के लिए निकली। यहां पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पदयात्रा में शामिल हो गए। शाम को पदयात्री बलवाड़ा के मायापुर धाम मंदिर पहुंची जहां इवनिंग ब्रेक हुआ। बाद में राहुल गांधी के साथ सभी वरिष्ठ नेता महू के लिए रवाना हुए।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा और मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने ओंकारेश्वर में पूजा-अर्चना भी की।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा और मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने ओंकारेश्वर में पूजा-अर्चना भी की।

महू में अम्बेडकर स्मारक पर नमन, जनसभा

महू पहुंचकर राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने अम्बेडकर स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इससे बाद सभा को संबोधित किया। उनके साथ मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, मुख्यमत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश आदि मौजूद थे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, आरएसएस और बीजेपी के लोग संविधान को खत्म करना चाहते है। हमने संविधान को बचाने का बीड़ा उठाया है। हम एक जुट होकर देश की एकता और संविधान को बचाएंगे।

पदयात्रा के दौरान इन तीन-चार बच्चों ने राहुल गांधी से मिलकर अपना गुल्लक भेंट किया। मुख्यमंत्री बोले- राम सेतु में नल-नील का विज्ञान और वानर सेना के सामर्थ्य के साथ उस नन्हें गिलहरी का भी योगदान था।
पदयात्रा के दौरान इन तीन-चार बच्चों ने राहुल गांधी से मिलकर अपना गुल्लक भेंट किया। मुख्यमंत्री बोले- राम सेतु में नल-नील का विज्ञान और वानर सेना के सामर्थ्य के साथ उस नन्हें गिलहरी का भी योगदान था।

महू से इंदौर होकर गुजरात गए मुख्यमंत्री भूपेश

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महू की जनसभा के बाद इंदौर होकर गुजरात के भावनगर रवाना हो गए। वे रात को भावनगर में रुकेंगे। रविवार को दोपहर वे पालिताणा में वे एक जनसभा को संबाेधित करने वाले हैं। उसके बाद वे महुवा और तालजा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभाओं में कांग्रेस उम्मीदवार को प्रचार करने जाएंगे। देर शाम भावनगर में भी एक जनसभा होनी है। देर रात वे भावनगर से रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे।

यहां पर पौधरोपण के लिए राहुल गांधी का इंतजार हुआ।
यहां पर पौधरोपण के लिए राहुल गांधी का इंतजार हुआ।

राहुल की मौजूदगी में रोपा गया पीपल का पौधा

महू में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पदयात्रियों ने राहुल गांधी की मौजूदगी में पीपल का एक पौधा रोपा। इसको लगाने में छत्तीसगढ़ की सात नदियों का पानी और मिट्‌टी का इस्तेमाल हुआ। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम अपने साथ अरपा, पैरी, सोंढुर, हसदेव, शिवनाथ, इंद्रावती और महानदी का जल लेकर गये थे। इसके अलावा यहां की मिट्‌टी भी कलश में रखकर ले जाई गई थी।

आज महू से इंदौर तक की यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा में रविवार को शुरुआत महू से होनी है। यह पदयात्रा इंदौर शहर के बड़ा गणपति चौराहे तक जाएगी। इस पूरी यात्रा में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पदयात्री शामिल रहने वाले हैं। इंदौर में जनसभा के बाद छत्तीसगढ़ के अतिथि पदयात्री रायपुर लौट आएंगे। स्थायी पदयात्री राहुल गांधी के साथ आगे की पदयात्रा में भी शामिल रहने वाले हैं।

खबरें और भी हैं...