कांग्रेस सरकार के 4 साल पूरे:सीएम ने दिया खुशहाल राज्य का संदेश, शहर में हितग्राही सम्मानित

राजनांदगांव3 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

राज्य सरकार के 4 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर गौरव दिवस का आयोजन किया गया। नगर निगम सभागृह में शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राज्य की जनता के नाम संदेश का प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंत्यावसायी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला उपस्थित थे। अध्यक्षता निगम अध्यक्ष हरिनारायण पप्पू धकेता ने की। मुख्यमंत्री बघेल का प्रदेश की जनता को दिए गए संदेश के प्रसारण रायपुर से लाइव किया गया। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारे पुरखों, किसानों और नौजवानों का सपना तेजी से साकार हो रहा है। हमारे पुरखों ने विकसित, समृद्ध और खुशहाल छत्तीसगढ़ का सपना देखा था।

आज यह सपना साकार हो रहा है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के साथ छत्तीसगढिय़ा संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। कार्यक्रम में खादी ग्रामोद्योग से सदस्य श्रीकिशन खण्डेलवाल, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, सिंधी अकादमी के सदस्य अशोक पंजवानी, वीरेंद्र चौहान, पदम कोठारी अन्य अतिथि मौजूद रहे।

शाल व श्रीफल देकर किया गया सम्मान
मेडिकल मोबाईल यूनिट में स्वास्थ्य परीक्षण करा रहे हितग्राहियों का एवं धनवंतरी मेडिकल स्टोर्स में दवा खरीदने वाले व्यक्तियों का महापौर हेमा देशमुख, निगम अध्यक्ष हरिनारायण पप्पू धकेता, निगम आयुक्त डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी सहित पार्षदों ने शाल श्रीफल व पुष्पगुच्छ से सम्मान किया। मुख्य अतिथि पाटिला ने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं का जनता को सीधा लाभ पहुंचने पर गौरव दिवस मनाया जा रहा है।

चेक वितरण किया 4 हजार आवास पूर्ण
कार्यक्रम में शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को चेक वितरण, ऋ़ण पुस्तिका वितरण के अलावा, हितग्राहियों को शाल श्रीफल से सम्मानित किया गया। आवास योजना के मोर मकान मोर आस योजना संबंधी नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया। उन्हें सम्मानित किया गया। इसके अलावा मोर जमीन मोर मकान के तहत चार हजार आवास पूर्ण होने पर केक काटकर अतिथियों के साथ उत्सव मनाया गया।

कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्ज माफ
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में शहर में विभिन्न आयोजनों के माध्यम से मजदूर, हमाल, किसान, स्व सहायता समूहों की बहनों व युवा मितान क्लब के सदस्यों का सम्मान किया गया। गौरव दिवस को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आते ही किसानों की तकलीफों को समझा और कर्जमाफी कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया।

करमतरा में किया गया आयोजन
जिले के डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत करमतरा में छत्तीसगढ़ शासन के 4 साल पूरा होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ गौरव दिवस का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने उत्साह पूर्वक मुख्यमंत्री के प्रसारित कार्यक्रम को सुना। मुख्यमंत्री बघेल ने इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से राजनांदगांव जिले में निर्मित आदिवासी कन्या छात्रावास का शिलान्यास किया। कलेक्टर डोमन सिंह ने राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं को बताया।

खबरें और भी हैं...