जिले में न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। इसके साथ ही कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है। दिन ढलने से लेकर सुबह तक अच्छी खासी ठंड पड़ रही है। वहीं बर्फीली हवाओं के असर से दिन में भी ठिठुरन की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। यह नवंबर में अब तक तापमान का सबसे न्यूनतम स्तर है। इसके असर से शहर सहित जिलेभर में कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी हुई है।
खासकर वनांचल क्षेत्र में ठंड का असर अधिक दिख रहा है। वहीं उत्तर भारत से प्रदेश में बर्फीली हवाएं आ रही है। इससे दिन में भी ठंड की स्थिति है। हालांकि दिन के तापमान में बड़ी गिरावट नहीं हुई है। लेकिन ठंडी हवा के असर से मौसम में ठंडकता बनी हुई है। अधिकतम तापमान सोमवार को 29 डिग्री दर्ज किया गया। इधर मौसम विभाग ने फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट नहीं होने की जानकारी दी है।
जिले में अगले पांच दिन 10 से 12 डिग्री के बीच रहेगा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच स्थिर रहेगा। वहीं अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। हालाकि उत्तरी हवा के असर से मौसम में ठंडकता जरुर बनी रहेगी। लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट के संकेत अभी नहीं मिल रहे हैं। मौसम में हो रहे बदलाव और उतार चढ़ाव का विपरीत असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। इन दिनों सर्दी, जुकाम और एलर्जी के मरीज बढ़े हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.