मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधानसभावार दौरे के चौथे दिन भी एक अधिकारी उनकी नाराजगी का शिकार हुआ। सूरजपुर जिले के लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण के दौरान लापरवाही पाए जाने पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य अधिकारी राकेश कुमार साव को निलंबित करने का निर्देश दिया। चार दिन के दौरे में यह अधिकारी-कर्मचारियों का सातवां निलंबन है।
सूरजपुर के भटगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम को लटोरी पहुंचे थे। वहां उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। स्टॉक रजिस्टर मेंटेन न होने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी राकेश कुमार साव को निलंबित करने का निर्देश दिया। इके साथ ही वहां के BMO डॉ. प्रशांत सिंह और प्रभारी शत्रुघ्न भगत को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के पहले दिन सामरी विधानसभा के कुसमी में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सस्पेंड कर दिया था। अगले दिन उन्होंने रामानुजगंज विधानसभा के सनावल की चौपाल में जल संसाधन विभाग के एक एग्जिक्यूटिव इंजीनियर को निलंबित कर दिया। शुक्रवार को उन्होंने एक पटवारी, दो DFO और एक फारेस्ट रेंजर को निलंबित करने का निर्देश जारी किया था। शनिवार को हुई कार्यवाही को मिलाकर अब तक सात अधिकारी-कर्मचारी निलंबित हो चुके हैं।
नक्सलियों से बातचीत पर सीएम की दो टूक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सलियों से बातचीत के मामले में दो टूक कहा है कि नक्सली पहले देश के संविधान पर विश्वास व्यक्त करें। उसके बाद उनसे किसी भी मंच तक बातचीत की जा सकती है। उन्होंने कहा, राज्य सरकार की योजनाओं ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आदिवासियों का दिल जीता है। अब लोग वहां सड़कें बनाने और कैंप खोलने की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य सरकार की नीति से अब नक्सली एक छोटे से क्षेत्र में सिमटकर रह गए हैं।
गिरते भूजल स्तर पर जताई चिंता
प्रतापुर में अफसरों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने भूजल के गिरते स्तर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, रायपुर शहर के बाद सूरजपुर पहला जिला है जहां 800 फीट में पानी नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भूजल में पानी की कमी को दूर करने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। हेलिकॉप्टर से आते समय मैंने देखा कि एक नाला सूख गया है। वहीं पर जिस नाले का ट्रिटमेंट हुआ था उसमें पानी बचा हुआ था। उन्होंने नरवा के विकास के में तेजी लाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, प्रतापपुर के सरकारी भवनों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
राजस्व शिकायतों के लिए कॉल सेंटर शुरू करने के निर्देश
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजस्व विभाग की शिकायतों पर सख्ती दिखाई है। मुख्यमंत्री ने प्रतापपुर में अधिकारियों के कामकाज की समीक्षा के बाद उन्होंने प्रेस से बात की। उन्होंने कहा, राजस्व विभाग के शिकायतों की सुनवाई के लिए ऑनलाइन कॉल सेंटर खोले जाएंगे। अवैध खनन की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतों पर कार्रवाई के भी निर्देश
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, जिन लोगों को 13 दिसम्बर 2005 से पहले वन भूमि पर कब्जा है उनको उसका पट्टा मिल जाना चाहिए। राजस्व विभाग की शिकायत अधिक है। उसमें भी पटवारी की शिकायतें अधिक हैं। उनको दूर किया जाना चाहिए।
प्रशासनिक चुस्ती की भी हिदायत
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा, अगर किसी गरीब को राशन कार्ड नहीं मिल पा रहा है तो यह हमारी गलती है। समस्या है तो वरिष्ठ अधिकारियों को बताइए। जनता के प्रति जवाबदेह बनिए। लोगों से उनकी भाषा में बात करिए, उनको अच्छा लगेगा। गुड गवर्नेंस का यही तरीका है।
चौपाल में ग्रामीणों की शिकायत, राशन के लिए 16 किमी चलना पड़ता है
मुख्यमंत्री ने भटगांव विधानसभा के कुदरगढ़ में एक महुआ पेड़ के नीचे चौपाल लगाई। इसमें पहुंचे गड़ईपारा निवासी हरीलाल ने बताया उनके गांव में 25 परिवार रहते हैं। राशन के लिए उन्हें 16 किमी पहाड़ चढ़कर कुदरगढ़ आना पड़ता है। इसमे 2.30 घंटे का समय लगता है। अगर रास्ता खराब हुआ तो दूसरे रास्ते से 35 किमी चलना पड़ता है। उसमें नदी-नाले भी आते हैं। उनकी मांग है उनके गांव को उनके नज़दीकी पंचायत घुडई से जोड़ा जाये जहां से उन्हे राशन लेना आसान हो जायगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घुड़ई पंचायत की राशन दुकान से गड़ईपारा के लोगों का नाम जोड़ने के निर्देश दिए।
ढाई करोड़ के कामों का लोकार्पण-शिलान्यास
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भटगांव विधानसभा कुदरगढ़ में 2 करोड़ 45 लाख रुपए के विकास कार्यों की शुरुआत की। इसमें एक करोड़ 2 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा एक करोड़ 43 लाख रुपए के कार्याें का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कुदरगढ़ में 74 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धरसेड़ी और 28 लाख रूपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केन्द्र भवन इन्दरपुर का लोकार्पण। वहीं 46.48 लाख रुपये की लागत से बनने वाली छरिया नाला पर पुलिस निर्माण का भूमिपूजन किया। परसिया से रामपुर पहुंच मार्ग तथा बगईहा नाला पर पुलिया और बिलासपुर से ईरापारा पहुंच मार्ग पर इरानाला में पुलिया निर्माण का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, विधायक पारस नाथ राजवाडे़, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू उपस्थित थे।
बिहारपुर में भी मुख्यमंत्री ने नई घोषणाएं की
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भटगांव विधानसभा में दौरे के दूसरे पड़ाव बिहारपुर में भी पुलिया, सड़क और उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंनें बिहारपुर में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल की घोषणा की। उन्होंने रकसगंडा को पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित करने, बिहारपुर मुख्य सड़क मार्ग के निर्माण और शासकीय कन्या हाईस्कूल, लटोरी में छात्रावास निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 24 गांवों के क्लस्टर के लिए है पेयजल योजना की घोषणा की। इसके लिए 24 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। खारपाथर हाईस्कूल को हायर सेकंडरी स्कूल बनाने, बिहारपुर में स्टेट बैंक का एटीएम, आईटीआई और बिजली का उप केंद्र बनाने की भी घोषणा हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.