सूरत शहर के डिंडोली में सोमवार को एक बुर्काधारी महिला ने दो साल के बच्चे का अपहरण कर लिया था। इस मामले में सूरत पुलिस को सफलता मिल गई है। पुलिस ने बच्चे की सकुशल बरामदगी के साथ आरोपी महिला को भी हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही वारदात की वजह सामने आ पाएगी।
सूरत की डिंडोली पुलिस ने मासूम बच्चे के अपहरण के मामले को सुलझाने के लिए सोशल मीडिया और पोस्टरों पर लोगों की मदद मांगी थी। 72 घंटे के बाद, अपहरण की गई महिला और बच्चे दोनों का पता चला। पीआई केबी देसाई ने पुष्टि की कि बच्चा सुरक्षित है और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने सोशल मीडिया का भी सहारा लिया
सूरत की डिंडोली पुलिस ने बच्चे की तलाश के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। इसके अलावा बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन समेत तमाम सार्वजनिक जगहों पर बच्चे के पोस्टर चिपका दिए थे। इसके अलावा बच्चे की जानकारी देने वाले का नाम गुप्त रखते हुए उसे इनामी राशि देने का भी ऐलान किया था। इसी के चलते एक अज्ञात व्यक्ति दारा फोन पर पुलिस को सूचना मिल गई।
क्या हुआ था...
तेरी मां गेट पर खड़ी है कहकर एक बुर्काधारी महिला रविवार को दो वर्षीय बालक का अपहरण कर फरार हो गई थी। सूरत शहर के डिंडोली में हुई इस वारदात को पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर आरोपी महिला की खोजबीन में जुट गई थी। डिंडोली स्थित आवास में एक श्रमिक परिवार रहता है। इस परिवार में तीन बेटी और एक बेटा है। इसी इकलौते बेटे का अपहरण किया गया था।
रविवार को घर में सात वर्षीय पुत्री अपने दो वर्षीय भाई के साथ मौजूद थी। उसी दौरान एक अज्ञात बुर्काधारी महिला उनके घर आई और उसने कहा की तेरी मां गेट पर खड़ी है और तुझे बुला रही है। इसके बाद दो वर्षीय बच्चे को अपने साथ लेकर चली गई। कुछ समय बाद उसकी मां घर पर आई तब बेटे के बारे में बेटी से पूछा। बेटे की कुछ समय तक खोजबीन करने के बात भी उसका पता नहीं चलने पर डिंडोली पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.