दहेज इलाके में यशस्वी केमिकल फैक्ट्री में एक बॉयलर में ब्लास्ट हो गया। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 52 घायल हैं। धमाके बाद झुलसे हुए कर्मचारी फैक्ट्री से बाहर भागे थे। इसकी तस्वीरें भी सामने आईं।
फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार दूर से ही देखा गया। यहां 10 दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं। लोगों ने बताया कि एंबुलेंस को भी फोन किया गया था, लेकिन वह वक्त पर नहीं पहुंची। इसके चलते झुलसे हुए वर्कर तड़पते रहे। धमाके के बाद आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया।
दो गांव खाली करवाए गए
भरुच के कलेक्टर एमडी मोडिया ने बताया कि 52 वर्कर इस हादसे में झुलसे हैं। सभी घायलों को भरुच के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फैक्ट्री के पास लाखी और लुवारा गांव को खाली करवा लिया गया है। यह ऐहतियाती कदम है, क्योंकि धमाके के बाद आसपास के इलाकों में जहरीले रसायन फैलने का खतरा है।
4800 लोगाें को अलग स्थानों पर आश्रय दिया गया
लखी, लुवारा और जागेश्वर गांवों को खाली कराकर उनके 4800 लोगाें को अलग स्थानों पर आश्रय दिया गया है। हाइड्रोजन गैस भंडार टैंको के कूलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। इस धमाके की आवाज करीब 10 किमी दूर तक सुनी गई। इससे आस-पास की कई कंपनियों की फैक्ट्रियों में लगे कांच भी टूट गए हैं। जहां ये हादसा हुआ, वहां 10 से अधिक टैंक हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.