गुजरात के भावनगर में कांग्रेस की वर्तमान और पूर्व महिला अध्यक्ष के बीच बुधवार शाम को जबर्दस्त मारपीट हो गई। कांग्रेस ने शहर में एक विरोध रैली की थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच तू-तू-मैं-मैं हो गई और बात इतनी बढ़ी कि मारपीट होने लगी।
भावनगर की कंसारा नदी पर रिवरफ्रंट बनना है। इस नदी के किनारे 7 किलोमीटर के दायरे में 3000 मकान बने हुए हैं, इनमें से पंद्रह सौ मकानों को गिराने का नोटिस दिया गया है। इसी को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस ने भी इसी मुद्दे पर भाजपा को घेरने के लिए रैली का आयोजन किया था।
थप्पड़बाजी हुई, चोट भी लगी
वर्तमान में शहर महिला कांग्रेस प्रमुख और जिला पंचायत की शिक्षण समिति की पूर्व चेयरमैन नीताबेन राठौड़ व पूर्व मेयर पारुलबेन त्रिवेदी भी रैली में मौजूद थीं। दोनों ने एक-दूसरे का गला पकड़ लिया और इसी दौरान पारुलबेन ने नीताबेन को थप्पड़ जड़ दिया और फिर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। हाथापाई के दौरान पूर्व मेयर पारुल त्रिवेदी की आंख में चोट भी लग गई।
कार्यकर्ता पार्टी की किरकिरी से नाराज
कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी में दबदबे को लेकर दोनों महिला नेताओं के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। हालांकि, सरेआम हाथापाई करने के बावजूद पार्टी द्वारा दोनों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने से कार्यकर्ता नाराज हैं। सोशल मीडिया पर भी इस मारपीट और कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी उठापठक को लेकर किरकिरी हो रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.