अंबाला-जगाधरी हाईवे स्थित एक सैन्य यूनिट की दीवार के साथ पेड़ पर सोमवार देररात महिला का शव संदिग्ध अवस्था में लटका मिला। अंबाला कैंट के भारतीय पब्लिक स्कूल के निकट पेड़ की टहनी पर गले में चुन्नी से बंधा शव 12 फीट की ऊंचाई पर था। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर महिला कहां की रहने वाली है। कपड़ों से किसी अच्छे घर की महिला के पेड़ पर लटका होने को पुलिस आत्महत्या की नजर से देख रही है। जिस तरह से पेड़ पर शव लटका हुआ था, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि जिस जगह शव लटका हुआ था, उसके ठीक नीचे गंदे पानी का भरा हुआ गहरा गड्ढा था। पास में कोई भी सीढ़ी या टेबल नहीं थी। जिस कारण नीचे से पेड़ पर फंदा लगाना बेहद मुश्किल है। ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर महिला कैसे पेड़ पर चढ़ गई और 12 फीट की ऊंचाई पर जाकर टहनी पर फंदा लगाया। बाद में वह खुद ही लटक गई। सैन्य यूनिट की दीवार होने के साथ पहले ही काफी सख्ती रहती है।
पुलिस को शव उतारने में ही तीन घंटे कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सीढ़ी लाने के बाद किसी तरह पेड़ पर चढ़कर शव को नीचे उतारा गया। मौत को लेकर तमाम सवाल अभी अनसुलझी गुत्थी बने हुए हैं। पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए आसपास के इलाके में पूछताछ करने के साथ सभी थानों में मैसेज पहुंचा दिया है। पुलिस की मानें तो महिला से शरीर पर किसी भी तरह के कोई निशान नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट करेगी कारणों का खुलासा
हेड कांस्टेबल कृष्ण ने बताया कि 72 घंटे तक शव को अस्पताल में रखा जाएगा। कोई परिजन नहीं आता है तो पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा। अभी तक कि जांच में सामने आया है कि महिला ने खुद पेड़ पर चढ़कर फंदा लगाया है। आर्मी इंटेलिजेंस ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई है। अब महिला की शिनाख्त पर भी सभी सवाल का जवाब मिल सकेगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.