हरियाणा के अंबाला में कुछ किसानों ने आढ़ती के 19.40 लाख रुपए हड़प लिए। रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। अंबाला कैंट निवासी आढ़ती ने आरोपी किसानों के पोर्टल पर अन्य 6 किसानों की 19.40 लाख रुपए की फसल बेची थी।
यह पेमेंट आरोपियों के बैंक खातों में चली गई, लेकिन किसानों ने आढ़ती को नहीं दी। मामला गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में पहुंचने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अंबाला कैंट निवासी विवेक गर्ग ने बताया कि उसकी साहा अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है। बताया कि तरावड़ी निवासी किसान जनक सिंह, जसवंत सिंह, नीरज कुमार, गांव बाता जिला कैथल निवासी नरेंद्र सिंह, गांव मोमनपुर जिला अंबाला निवासी ठाठ सिंह, गांव राजपुर जिला मोहाली निवासी सुभाष चंद, जीतेंद्र व धर्मेंद्र अपनी फसल उसकी दुकान पर बेचते थे।
आरोपी किसानों के पोर्टल पर बेची थी फसल
बताया कि 2 साल पहले सरकार द्वारा पोर्टल शुरू करने के बाद से हरियाणा-पंजाब बॉर्डर के किसान अपनी फसल को हरियाणा के पोर्टल में रजिस्टर करके बेचते थे। फसल की पेमेंट सीधे किसानों के खातों में चली जाती थी और सरकार उनका कमीशन उनके खाते में डालती थी।
आढ़ती ने बताया कि आरोपियों ने उसे कहा था कि उनके कैथल, नारायणगढ़ व उचाना में रिश्तेदार हैं, जिनके पोर्टल खाली हैं। वह आरोपियों की बातों में फंस गया और उसके 6 जानकार किसानों के 50 किले की फसल आरोपियों के पोर्टल पर बेच दी।
सरकार द्वारा आरोपियों के खातों में करीब 19.40 लाख रुपए की पेमेंट डाल दी गई, लेकिन आरोपी यह रकम नहीं दे रहे। जब उसने आरोपियों से रकम मांगी तो जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 406 व 420 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.