BJP विधायक का कांग्रेस व AAP पर कमेंट:असीम गोयल बोले- झूठ बोलने और नौटंकी करने में अरविंद केजरीवाल का मुकाबला नहीं

अंबाला6 महीने पहले
भाजपा विधायक असीम गोयल।

हरियाणा के अंबाला जिले से विधायक असीम गोयल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है। SYL मुद्दे पर दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए असीम गोयल ने कहा कि केजरीवाल ने बचपन से एक ही मुहावरा पढ़ा हुआ है- गंगा गए गंगादास जमुना गए जमुनादास।

केजरीवाल जहां जाते हैं, वहां की बोली बोलते हैं। उनकी न अपनी जन्म भूमि, न अपनी कर्म और न धर्म भूमि की परवाह है। झूठ बोलने, नौटंकी व ड्रामा करने में केजरीवाल का कोई मुकाबला नहीं कर कर सकता। केजरीवाल राजनीतिज्ञ नहीं हैं, बल्कि उन्हें लोगों को कैसे बहलाना है, उसमें Phd की हुई है। जो व्यक्ति अपने गुरु को धोखा दे सकता है। वह व्यक्ति एथिक्स पर नहीं रह सकता। बहुत जल्दी केजरीवाल का असली चेहरा लोगों के सामने आएगा।

पंजाब भी निभाए बड़े भाई का फर्ज

असीम गोयल ने कहा कि SYL का जो पानी हरियाणा आएगा, वह दिल्ली भी जाएगा। दिल्ली की जनता को केजरीवाल से सवाल पूछना चाहिए। हमारे हिस्से का पानी कम क्यों पहुंच रहा है। यह तो हरियाणा बड़ा भाई होने के नाते दिल्ली को पानी दे रहा है, लेकिन पंजाब को भी अपने बड़े भाई होने का फर्ज निभाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट भी चाहता है कि हरियाणा को उसके हक का पानी मिले, लेकिन पंजाब में AAP की सरकार है। केजरीवाल पैरवी क्यों नहीं करते? क्या सिर्फ वोटों की फसल बटोरने के लिए आए हैं।

भारत जोड़ो यात्रा नहीं, कांग्रेस टूटो यात्रा शुरू हुई

असीम गोयल ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दक्षिण से उत्तर तक भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है, जिसका रूझान आना शुरू हो गया है। यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं, बल्कि कांग्रेस टूटो यात्रा है। जब तक राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक पहुंचेंगे, तब तक आधी कांग्रेस को वे खा जाएंगे। राहुल गांधी को शुभकामनाएं।