हरियाणा के अंबाला में घर में सो रहे 2 भाइयों पर हथियारों से लैस बदमाशों ने हमला बोल दिया। दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें GMCH सेक्टर-32 चंडीगढ़ में दाखिल कराया गया है। दोनों भाई बयान देने की स्थिति में नहीं है। सदर थाना पुलिस ने मां की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
3 बदमाशों ने घर में घुस दिया वारदात को अंजाम
सदर थाना पुलिस को सौंपी शिकायत में नरेश बिहार निवासी नीतू ने बताया कि उसके पति की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है। वह अपने घर पर अपने बेटे साहिल व अनमोल के साथ सो रही थी। सोमवार रात करीब डेढ़ बजे 3 युवक आए और उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया। जब उसने खोला तो डंडो से लैस तीनों युवक उसके घर में घुस गए और उसके सो रहे दोनों बेटों पर हमला बोल दिया।
लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंची
महिला ने बताया कि हमलावरों ने उसके दोनों बेटों के सिर पर ज्यादा वार किए। दोनों के शरीर पर काफी चोटें आई हैं। उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया तो हमलावर फरार हो गए। वह अपने भाई विनोद कुमार की मदद से दोनों बेटों को लहूलुहान हालत में अंबाला सिटी सिविल अस्पताल लेकर पहुंची। यहां से गंभीर हालत को देखते हुए GMCH SEC-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घायलों की मां की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 323, 458, 506 व 34 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान दर्ज होने के बाद हमलावरों की पहचान करने में आसानी होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.