हरियाणा के अंबाला में तेज रफ्तार ऑल्टो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जो PGI चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
मृतक की शिनाख्त गांव बड़ी कोहड़ी निवासी 39 वर्षीय कृष्ण लाल के रूप में हुई है। हादसा नारायणगढ़-शहजादपुर रोड पर स्थित गांव बड़ागढ़ के निकट सरकारी कॉलेज के सामने हुआ। कृष्ण लाल अपने साथी कुलजीत सिंह के साथ बाइक पर काम से वापस अपने घर लौट रहा था।
गांव बड़ी कोहड़ी निवासी अशोक कुमार ने बताया कि कृष्ण लाल और कुलजीत सिंह दोनों उसके साथ राजमिस्त्री का काम करते थे। बुधवार शाम करीब 7 बजे दोनों गांव कड़ासन से वापस अपने घर लौट रहे थे। बाइक कुलजीत सिंह चला रहा था। वो दूसरी बाइक पर उनके पीछे था। जैसे ही वे नारायणगढ़-शहजादपुर रोड पर स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार ऑल्टो कार आई और सीधी उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में कृष्ण लाल व कुलजीत सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वह लहूलुहान हालत में दोनों को नारायणगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को GMCH सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
कृष्ण ने GMCH में तोड़ा दम, कुलजीत PGI रेफर
अशोक ने बताया कि GMCH में कृष्ण लाल ने उपचार के दौरान गुरुवार को दम तोड़ दिया। उधर, कुलजीत सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए यहां से भी डॉक्टरों ने PGI-12 रेफर कर दिया। यहां कुलजीत सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 279,337 व 304A के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.