हरियाणा रोडवेज में महिलाओं और 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए रक्षाबंधन के पर्व पर आज दोपहर 12 बजे से फ्री बस सुविधा शुरू हो गई है। आज अन्य दिनों के मुकाबले 30 से 40 फीसदी यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है। बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ उमड़ी हुई है। सुबह से बसों में भी भीड़ देखी गई।
कर्मचारियों की छुट्टी रद्द, बढ़ाए बसों के चक्कर
रोडवेज विभाग द्वारा कर्मचारियों की छुटि्टयां रद्द की गई हैं। फ्लाइंग की टीमों को बस स्टैंड पर तैनात किया गया है। इतना ही नहीं, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लंबे रूट पर बसों के चक्कर बढ़ाए गए हैं। बता दें कि फ्री यात्रा की सुविधा आज दोपहर 12 बजे से 11 अगस्त रात 12 बजे तक रहेगी।
सड़कों पर दौड़ रही अंबाला की 150 बसें
रोडवेज परिवहन द्वारा यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 150 बसें सड़कों पर उतारी गई हैं। आज शाम और कल गुरुवार को यात्रियों की संख्या और ज्यादा बढ़ने की संभावना जताई गई है। SS अंबाला कैंट अजीत सिंह ने बताया कि किसी भी रूट पर बस सेवा प्रभावित नहीं की गई है। सभी रूट पर बसों के चक्कर बढ़ाए गए हैं।
दिल्ली और चंडीगढ़ तक फ्री सफर
सरकार की ओर से महिलाओं और बच्चों को हरियाणा समेत दिल्ली और चंडीगढ़ तक फ्री यात्रा करने की सुविधा दी गई है। इसके लिए अंबाला सिटी और कैंट बस स्टैंड पर कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों के चक्कर बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.