हरियाणा के अंबाला जिले में लगातार 5वें दिन भी बारिश जारी है। बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी धान और मक्का समेत अन्य फसलें बर्बाद हो चुकी है। उधर, बरसाती पानी की निकासी के बेहतर विकल्प न होने के कारण शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो चुके हैं। अंबाला सिटी के सेक्टर-1, 7, 8, 9 व 10, मॉडन टाउन समेत बाजार व चौक जलमग्न हो चुके हैं। बारिश के चलते स्थिति बिगड़ती देख पार्षदों और नगर निगम के कर्मचारियों ने रातभर पंप लगा सड़कों से बरसाती पानी निकाला।
पिछले 24 घंटे में 107 MM बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में अंबाला जिले में 107MM बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने अंबाला जिले को येलो अलर्ट में शामिल करते हुए कल सोमवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। 1 से 25 सितंबर तक 211.6MM बारिश दर्ज की गई।
बता दें कि मानसून के सक्रिय होने के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अभी से सर्दी का अहसास होने लगा है। आज रविवार को न्यूनतम तापमान 23 और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में तापमान न्यूनतम 22 और अधिकतम 30 से 33 के बीच रहने की संभावना है।
सड़कों पर उतरी DC, शहर का लिया जायजा
शहर में जलमग्न की स्थिति पैदा होने के बाद DC डॉ. प्रियंका सोनी शनिवार रात सड़कों पर उतर गई। नगर निगम और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर शहर की जलभराव की स्थिति जांची। उन्होंने सेक्टर-9 की तरफ जाने वाले रास्ते पर बने रेलवे अंडर ब्रिज समेत अन्य सड़कों और सेक्टरों में भरे बरसाती पानी की निकासी के लिए निर्देश दिए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.