हरियाणा के अंबाला जिले में सौतेली मां पर 2 भाइयों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में महिला को इलाज के लिए अंबाला सिटी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला थाना बराड़ा के अंतर्गत आने वाले गांव उगाला का है। पुलिस ने पीड़िता कृष्णा देवी पत्नी कंवर पाल की शिकायत पर 3 के खिलाफ धारा 307 समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पीड़िता कृष्णा देवी ने बताया कि वर्ष 2007 में उसके पति की पहली पत्नी गुड्डी की मृत्यु के बाद कंवर पाल से दूसरी शादी हुई थी। कंवर पाल की पहली शादी से 2 बेटे हैं, विशाल और आशु। करीब 4-5 साल पहले आशु व विशाल ने अपने मन में यह धारणा बना ली थी कि उनका पिता कंवरपाल सिर्फ उसकी बात मानता है। तभी से दोनों भाई उसकी कद्र नहीं करते थे।
कैंची से किया जानलेवा हमला
पीड़िता कृष्णा देवी ने बताया कि वह अपने पति कंवर पाल, देवरानी सविता के साथ घर पर थी। आशु, विशाल और विक्रम आए और आते ही विक्रम व विशाल ने मेरे हाथ पकड़ लिए। आशु ने कैंची से वार कर दिया। हमलावर वार करके फरार हो गए। परिजन लहूलुहान हालत में उसे बराड़ा CHC लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद अंबाला सिटी सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 323, 324, 307 व 34 के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे ASI सीता राम ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार चल रहे हैं, जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.