महिला का शव मिला:चंडीगढ़ की महिला की गला घोंटकर हत्या, जेल लैंड पुल के नीचे मिला शव

अम्बाला2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अम्बाला सिटी, सिविल अस्पताल में शव लेने के लिए इंतजार करते महिला के परिजन। - Dainik Bhaskar
अम्बाला सिटी, सिविल अस्पताल में शव लेने के लिए इंतजार करते महिला के परिजन।

चंडीगढ़ के रामदरबार की रहने वाली महिला सुषमा चौहान का शव मंगलवार रात को जेल लैंड पुल के नीचे मिला। बलदेव नगर थाना के एसएचओ बलबीर सिंह के मुताबिक महिला के गले पर घोंटे जाने के निशान थे। इस मामले में मृतका सुषमा चौहान के बेटे सुमित चौहान के बयान पर हत्या का केस दर्ज किया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है।

मृतका की पहचान उसके आधार कार्ड से हुई है। जिस पर बुड़ैल का पता था। पुलिस पहले बुड़ैल गई लेकिन वहां जाकर पता चला कि परिवार रामदरबार में रहने लगा है। पुलिस हत्या की वजह और कातिलाें की तलाश में जुट गई है। वहीं, महिला के बेटे सुमित चाैहान ने बताया कि मां सुषमा चौहान पेशेंट केयर का काम करती थी। उनका कई अस्पतालाें से संपर्क था। जिस मरीज काे घर में केयर टेकर की जरूरत हाेती थी, वहां उनकी मां काम करती थी।

सुषमा अधिकतर चंडीगढ़ व उसके आसपास के एरिया में ही ड्यूटी देती थीं। इस दाैरान व 12 से 15 घंटे काम पर रहती थीं। बेटे ने बताया कि मंगलवार दाेपहर 3 बजे मां काम पर गई थी लेकिन रात तक घर नहीं लाैटी। उनके पास पुलिस का फाेन आया। पुलिस ने बताया कि मां सुषमा चाैहान का शव अम्बाला में जेल लैंड पुल के नीचे मिला है। गले पर घाेटे जाने के निशान थे।

सुमित ने बताया कि मां की अम्बाला में कभी ड्यूटी नहीं रही। फिर वे वहां कैसे पहुंची इसका पता नहीं चल सका है। जब वे माैके पर पहुंचे ताे देखा मां का पर्स, माेबाइल, साेने की अंगूठी, कान की बालियां गायब थी। उनकी किसी से रंजिश नहीं है और न किसी पर शक है। बता दें कि मृतका के पति की मौत हो चुकी है। उनके दाे बेटे हैं।