हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के जनता दरबार में प्रदेशभर के कोने-कोने से पहुंचे एक हजार से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी। अंबाला कैंट के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लगे जनता दरबार में गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री ने प्रार्थियों की शिकायतों को अपने तल्ख अंदाज में सुना और अधिकारियों को तीव्रता से इनका समाधान कराने के निर्देश भी दिए।
नन्हे बच्चे के साथ पहुंची महिला, बोली, नहीं हो रही कोई सुनवाई
जिला यमुनानगर के गांव सढ़ौरा से नन्हे बच्चे के साथ पहुंची महिला ने बताया कि उसके पति विदेश में गया हुआ है। शादी से पहले कहा गया था कि उसे भी वह विदेश ले जाएगा। बताया कि उसका पति विदेश चला गया। सुसराल पक्ष दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। इतना ही नहीं, पति व ससुराल पक्ष तलाक देने की धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया कि पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही। इस शिकायत पर तलख अंदाज में टिप्पणी करते हुए कहा कि जिसकी कोई सुनवाई नहीं करता उसकी अनिल विज सुनेंगा। जनता दरबार में ज्यादातर शिकायतें पुलिस विभाग से जुड़ी हुई आई।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर लगे पंचायती जमीन को हड़पने के आरोप
जनता दरबार में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष उदयभान पर पंचायती जमीन हड़ने के आरोप लगे हैं। जिला पलवल के गांव फाटस्को निवासी जीवन लाल ने शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाए हैं कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक उदयभान ने वर्ष 2006-07 में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मिली भगत करके अपने निजी लोगों के नाम करीब 200 एकड़ पंचायती जमीन नाम करा दी थी, जिस पर तभी से कब्जा किया हुआ है। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। शिकायत की कॉपी डीसी पलवल को भेजी जाएगी।
युद्ध में लगी थी गोलियां, तभी से व्हीलचेयर पर गुजर रही जिंदगी
गांव बड़ागांव नारायणगढ़ निवासी पूर्व सैनिक रज्जाक मोहम्मद ने बताया कि वर्ष 2002 में जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में उग्रवादियों के साथ हुई गोलीबारी में वह जख्मी हो गया था। तभी से व्हीलचेयर पर जिंदगी गुजर रही है। कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 1999 को ऑपरेशन विजय कारगिल में अपाहिज हुए सैनिकों को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया, लेकिन उसे मात्र एक लाख रुपये दिए गए। मांग की है कि उसे भी उक्त पॉलिसी के तहत मुआवजा राशि दी जाए।
कुरुक्षेत्र से फरियाद लेकर पहुंचे भावी डॉक्टर
हरियाणा के एकमात्र श्रीकृष्णा राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज से भावी डॉक्टर फरियाद लेकर जनता दरबार पहुंचे। यहां भावी डॉक्टरों ने कहा कि सर आयुष विवि प्रशासन आयुर्वेद को नहीं दे रहा बढ़ावा। विद्यार्थी लंबित मांगों के समर्थन में 19 दिन से धरने पर बैठे हुए हैं। विज बोले, मुझे पता आयुर्वेद को बढ़ावा नहीं दे रहे आयुष विवि के अधिकारी। विज ने भावी डॉक्टरों की शिकायत आयुष विभाग को भेजने के निर्देश दिए।PWD रेस्ट हाउस में लगे जनता दरबार में लोगों की भीड़ उमड़ी। पुलिस व्यवस्था बनाने में जुटी रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.