हरियाणा के अंबाला में चाकू दिखाकर XUV गाड़ी लूटने वाले 2 और युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। CIA-1 की ओर से गिरफ्तार किया गया मोहित कुमार करनाल जिले के धर्मगढ़ गांव का रहने वाला है। उसके तीसरे साथी का नाम साहिल है जो करनाल के ही बल्ला गांव का रहने वाला है। पुलिस ने दोनों को उनके गांव से पकड़ा। इन दोनों के अलावा मुख्य आरोपी विकास पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनका चौथा साथी फरार है।
उधर CIA-1 की टीम ने गिरफ्तार किए गए मोहित और साहिल को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर ले लिया। उनका साथी विकास पहले से रिमांड पर है। पुलिस ने विकास को हरिद्वार से पकड़ा था। लूटी गई गाड़ी भी विकास से बरामद की जा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, बीती 19 मई की रात विकास, साहिल, मोहित और उनका चौथा साथी मारुति कार में सवार होकर चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। चारों नशे में धुत थे। अंबाला में काकरू मोड पर पीछे से आई XUV 500 ने जब चारों की मारुति कार को ओवरटेक किया तो चारों ने उसे लूटने का प्लान बनाया। इसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी की स्पीड बढ़ाकर उसे XUV गाड़ी के आगे लगाया और चाकू के दम पर गाड़ी छीनकर चंडीगढ़ की तरफ भाग गए थे। आरोपी विकास खुद को वकील बताता है।
पानीपत में तेल डलवा बिना पैसे दिए फरार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गाड़ी लूटने वाले विकास ने पानीपत में एक पेट्रोल पंप से XUV गाड़ी में तेल डलवाया और वहां से बिना पैसे दिए फरार हो गया। इसे लेकर पानीपत पुलिस उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 406 के तहत मुकदमा दर्ज कर चुकी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.