हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया खंड के गांव लधुवास में एक दिव्यांग महिला की बड़े ही वीभत्स तरीके से हत्या कर दी गई। महिला का सिर और चेहरा बुरी तरीके से कटी-फटी और लहु-लूहान हालत में मिला। शव गांव की चौपाल में एक कमरे की खिड़की से बंधा मिला। इस बीच पुलिस ने मृतका के पति पर हत्या का केस दर्ज किया। मृतका के भाई ने कहा कि वह उसके चरित्र पर शक करता था।
चौपाल परिसर में कई जगह खून के निशान मिले हैं। साथ ही महिला के घर के आंगन में भी कुछ खून के निशान मिले हैं। महिला ने इंटर कास्ट मैरिज की हुई थी और उसकी 12 वर्ष व 4 वर्ष की दो मासूम बेटियां हैं। मृतका के चेहरे से स्किन गायब है, जिससे ऐनिमल अटैक की संभावना भी है। पुलिस और फोरेंसिक टी मौके पर पहुंच कर छानबीन में लगी हैं। वारदात को लेकर अभी पूरी तरह से खुलासा नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार पंजाब क्षेत्र की करीब 40 वर्षीय वीरपाल कौर की गांव लधुवास में हरभेज सिंह के साथ इंटर कास्ट मैरिज हुई थी। बीती रात किसी ने उसके सिर और चेहरे पर वार कर बुरी तरीके से उसे मार डाला। वहीं गांव से जानकारी मिली है कि मृतका का एक रिश्तेदार भी उनके घर पर ठहरा हुआ था।
महिला के मर्डर की सूचना के बाद फतेहाबाद की एसपी आस्था मोदी भी गांव पहुंची। मौके पर काफी संख्या में लोग भी जुट गए। जांच टीम के अनुसार महिला के पर किसी चीज से चोट लगने से उसकी मौत हुई है और जिस जगह महिला को बांधा गया है, वहां उसकी चेहरे की स्किन गायब है। इससे एक अंदेशा यह भी लगाया जा रहा है कि बाद में ऐनिमल अटैक भी किया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही इन चीजों का खुलासा होगा।
पति पर हत्या का केस
वीरपाल कौर की हत्या की सूचना के बाद पंजाब के मानसा जिले के गांव काहनगढ़ से मृतका की मां, बाप मेला सिंह व भाई बूटा सिंह लोगों को लेकर लधुवास पहुंचे। पुलिस को दिए बयान में मृतका के भाई ने अपने जीजा के खिलाफ शिकायत देकर हत्या का आरोप जड़ा है।
चरित्र पर था शक
बूटा सिंह ने बताया कि उसका जीजा हरभेज सिंह उसकी बहन के चरित्र पर शक करता था और अकसर उससे मारपीट करता था। इसको लेकर उसे कई बार समझाया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302, 201 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.