इनेलो की रैली में तीसरे मोर्चे की झलक:नीतीश-शरद, तेजस्वी और सुखबीर-येचुरी पहुंचे, चौटाला बोले- राज बना दो, सबके सारे काम कर दूंगा

फतेहाबाद8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भाजपा विरोधी कई सियासी दलों के बड़े नेता आज हरियाणा में एक मंच पर पहुंचे हैं। मौका है देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की 109वीं जयंती पर आयोजित 'सम्मान दिवस रैली'। इस रैली का आयोजन ताऊ देवीलाल के बेटे और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने किया है।

इस रैली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार के डिप्टी सीएम और RJD नेता तेजस्वी यादव, महाराष्ट्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार, भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (CPI) के नेता सीताराम येचुरी, जदयू नेता केसी त्यागी और पंजाब से शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल और अकाली नेता प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा पहुंचे। मेघालय के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने भी वीडियो संदेश भेजकर ताऊ देवीलाल की प्रशंसा की।

इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने सबसे आखिर में रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वह देसी भाषा में इतना ही कहना चाहेंगे कि इनेलो का राज बना दो, मैं सबके सारे काम कर दूंगा।

बुजुर्गों, महिलाओं और बेरोजगारों के लिए कई घोषणाएं

चौटाला ने बुजुर्गों, महिलाओं, बेरोजगारों और किसानों के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में हरियाणा में इनेलो की सरकार बनने के एक साल के अंदर सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर का निर्माण किया जाएगा।

चौटाला ने कहा कि इनेलो के सत्ता में आने पर ईनेम पोर्टल की व्यवस्था खत्म कर फसलों की खरीद आढ़तियों के जरिये सुनिश्चित बनाई जाएगी।

चौटाला ने कहा कि उन्हें 3000 से ज्यादा युवाओं को नौकरी देने की वजह से 10 साल की सजा काटनी पड़ी। उन्हें इस बात का कोई अफसोस नहीं है।

देश में आज लुटेरों का गिरोह सत्तारूढ़

चौटाला ने कहा कि ताऊ देवीलाल शुरू से अंत तक इस बात के लिए लड़ते रहे कि आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए। अगर कोई सरकार ऐसा करने में नाकाम रहती है तो उस सरकार को बदल देना चाहिए। लोगों को आज ताऊ देवीलाल का सपना पूरा करने के लिए नया संकल्प लेने की जरूरत है।

चौटाला ने कहा कि आज देश में कोई सरकार नहीं है बल्कि लुटेरों का गिरोह है जो देश की संपत्ति को लूटने में लगी है। मौजूदा सरकार के शासनकाल में किसानों की स्थिति दयनीय हो चुकी है।

चौटाला ने करोड़ों रुपए का लोन और बैंकों के साथ फ्रॉड करके विदेश भाग चुके विजय माल्या, नीरव मोदी व मेहुल चौकसी का नाम लेकर आरोप लगाया कि मोदी सरकार के राज में अमीर ऐश कर रहे हैं और गरीब पिस रहा हे।

तेजस्वी बोले- मेरे पिता को देवीलाल ने ही राजनीति में आगे बढ़ाया

लालू प्रसाद यादव के बेटे, बिहार के डिप्टी सीएम और RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि ताऊ देवीलाल और उनके पिता के संबंध बेहद मधुर रहे हैं। ताऊ देवीलाल ने ही लालू प्रसाद यादव को राजनीति में आगे बढ़ाया। अगर वह भी आज बिहार के डिप्टी सीएम बन पाए हैं तो इसके पीछे भी कहीं न कहीं ताऊ देवीलाल की ओर से उनके पिता को सिखाई गई राजनीति ही है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि अब देश में कोई NDA नहीं है। जदयू, शिवसेना और अकाली दल जैसी पार्टियां देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को छोड़ चुकी हैं।

पवार बोले- अमीरों के लिए काम कर रही मोदी सरकार

NCP प्रमुख शरद पवार ने भी अपने भाषण में ताऊ देवीलाल के साथ गुजारे दिनों को याद किया। शरद पवार ने कहा कि ताऊ देवीलाल जब देश के डिप्टी प्राइम मिनिस्टर बने, उस समय वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। देवीलाल ने हमेशा गरीब वर्गों के लिए काम किया।

शरद पवार ने नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर अमीरों और उद्योगपतियों के लिए काम करने का आरोप लगाया। पवार ने कहा कि आज की सरकार अरबपतियों का करोड़ों का लोन माफ कर रही है जबकि दूसरी ओर आम आदमी बढ़ती महंगाई से परेशान है।

शरद पवार ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान मोदी सरकार ने वादा किया था कि किसान नेताओं के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे मगर आंदोलन खत्म होने के बाद सरकार ने यह वादा पूरा नहीं किया।

येचुरी ने भाजपा की तुलना राक्षसों से की

रैली में पहुंचे सीताराम येचुरी ने अपने भाषण में भाजपाइयों की तुलना राक्षसों से की। येचुरी ने कहा कि भाजपा वाले आज देश में अमृतकाल आने का दावा करते हैं। समुद्र मंथन के दौरान जब अमृत निकला था तो उस पर सबसे पहले राक्षसों ने कब्जा कर लिया था। उसके बाद देवताओं को युद्ध करके राक्षसों से वह अमृत वापस लेना पड़ा था। आज भी देशवासियों को उसी तरह भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि देश में केरल इकलौता ऐसा राज्य है जहां सीपीआई की सरकार और केरल की जनता ने अपने राज्य में भाजपा के एक भी विधायक को जीतने नहीं दिया।

पहले सिरसा और फिर फतेहाबाद पहुंचे नीतीश-तेजस्वी

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ सुबह सिरसा पहुंचे और वहां से फतेहाबाद। लगभग 3 बजे ओमप्रकाश चौटाला नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, शरद पवार, सीताराम येचुरी और सुखबीर बादल के साथ मंच पर पहुंचे।

बता दें कि इस रैली के बहाने हरियाणा के पूर्व CM ओम प्रकाश चौटाला BJP विरोधी दलों के तमाम बड़े नेताओं को एक मंच पर लाना चाहते हैं ताकि देश में तीसरे मोर्चे का गठन किया जा सके। इनेलो ने दावा किया कि उसकी इस रैली में 11 राज्यों के दिग्गज नेता या उनके प्रतिनिधि आएंगे।

रैली स्थल पर 4 मंच

फतेहाबाद में सिरसा रोड पर अनाज मंडी में हो रही इस रैली में 4 मंच बनाए गए हैं। पहला मंच 100 फीट का है, जिस पर इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला और देशभर से आने वाले बड़े नेता मौजूद हैं। इससे पहले दोपहर​ 2 बजे के आसपास इनेलो अध्यक्ष और ऐलनाबाद के विधायक अभय चौटाला पूर्व मंत्री रामपाल माजरा के साथ मंच पर पहुंचे।

रैली स्थल पर बनाए गए बाकी 3 मंच 50-50 फीट के हैं। इनमें से एक मंच पर हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले इनेलो नेता बैठे हैं। बाकी दो मंच में से एक पर मीडियाकर्मी और दूसरे पर कलाकार हैं। हरियाणा के कई दिनों से हो रही बारिश के कारण रैली स्थल पर वॉटर प्रूफ़ टेंट लगाया गया। हालांकि रविवार सुबह से ही मौसम साफ है।

इनेलो की 'सम्मान दिवस रैली' को लेकर रविवार सुबह से ही हरियाणा के अलग-अलग इलाकों से पार्टी वर्कर फतेहाबाद पहुंचना शुरू हो गए। हरी पगड़ी पहने लोग इनेलो के झंडे लेकर चौटाला के हक में नारे लगाते रहे।

हाथों में तिरंगा लेकर रैली स्थल पर पहुंची महिलाएं।
हाथों में तिरंगा लेकर रैली स्थल पर पहुंची महिलाएं।

देवीलाल की याद में अमित ढुल का भजन

देवीलाल की जयंती पर अमित ढुल ने उनकी याद में ‘ताऊ देवीलाल का सपना’ भजन भी रिलीज किया।

रैली से देशभर में संदेश

पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय ताऊ देवीलाल की 109वीं जयंती पर की गई इस 'सम्मान दिवस रैली' के बहाने इनेलो देश-प्रदेश में तीसरे मोर्चे की नींव रखने की कोशिश कर रहा है। देशभर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुखालफत करने वाले तमाम नेता रैली में पहुंचे हैं। रैली का संदेश पूरे देश में जाए, इसकी पूरी कोशिश की गई है।

इसके अलावा चौधरी देवीलाल और इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने रैलियों के जरिये हरियाणा में कई बार अपनी पार्टी को राजनीतिक ताकत दी है। इस समय इनेलो सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। ऐसे में चौटाला इस रैली के जरिये पार्टी में नई जान फूंकने की कोशिश कर रहे हैं।

रैलीस्थल के आसपास जैमर

रैली में दिग्गज नेताओं की वजह से पुलिस सुबह से ही अलर्ट पर है। शनिवार शाम से ही रैलीस्थल के आसपास बैरिकेड्स लगाकर नाकाबंदी कर दी गई। बाहर से आने वाले बड़े नेताओं के साथ उनकी सिक्योरिटी और हर मूवमेंट पर नज़र रखी जा रही है। रैली स्थल के आसपास जैमर लगाए गए हैं।

वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था

रैली में आए प्रदेशभर के लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग बनाई गई है। फतेहाबाद अनाज मंडी में शेड से बाहर और मंडी प्रांगण से बाहर हाइवे के दूसरी तरफ पार्किंग की व्यवस्था है। इनेलो के प्रमुख नेताओं और पदाधिकारियों की गाड़ियां अनाज मंडी में ही पार्क की गई हैं। इनेलो कार्यकर्ता पार्किंग से जुड़े प्रबंध संभाल रहे हैं।