प्रॉपर्टी आईडी के चलते डीलरों व अफसरों के बीच हुए झगड़े का खामियाजा जिले भर के शहरों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जिले भर में निकाय कर्मचारियों की हड़ताल से कोई भी काम नहीं हो रहा है। सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आ रहे हैं। जिसके चलते शहरी एरिया में सफाई नहीं हो पा रही है न ही घरों व दुकानों से कूड़ा उठाया जा रहा है।
शहरों में सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। जगह-जगह सड़कों पर कूड़ा बिखरा हुआ है वहीं कई जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। दो दिन से सफाई नहीं हो पाई है। निकाय कर्मचारियों की तीसरे दिन भी हड़ताल जारी रही। धरना देकर चेतावनी दी है कि जब तक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
इस हड़ताल से फतेहाबाद, टाेहाना, रतिया समेत विभिन्न जगहों पर काम प्रभावित हो रहे हैं। फतेहाबाद शहर से हर रोज 40 टन कूड़ा इकट्ठा होता है। करीब 165 कर्मचारी सफाई का काम देखते हैं। बीते सोमवार की दोपहर को नप अधिकारियों के साथ मारपीट के बाद सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठ गए थे।
अब शहर में 120 टन कूड़ा जगह-जगह बिखरा हुआ है और घरों के कूड़ादान में पड़ा हुआ है। वहीं शहर के बस स्टैंड, फव्वारा चौक, भूना रोड, मॉडल टाउन, जवाहर चौक, पुराना बस स्टैंड, रतिया चुंगी पर कूड़े के ढेर लगे हुए थे। आने- जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। घरों से भी कूड़े का उठान नहीं हो पाया है, जिससे लोगों के डस्टबीन भर गए हैं। ऐसे में कुछ लोग तो प्लॉटों में कूड़ा डाल रहे हैं।
वहीं सफाई न होने के चलते कर्मचारियों के पास फोन आ रहे हैं कि उनके मोहल्ले में सफाई नहीं हो रही है। हर रोज 50 से ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। आज सर्व कर्मचारी संघ के प्रदर्शन कार्यक्रम में आगामी रणनीति बनाई जाएगी।
तहसीलदार पहुंचे हड़ताल खुलवाने कर्मी बोले- पहले आरोपियों को पकड़े
डीसी महावीर कौशिक ने तहसीलदार रणविजय सुल्तानिया को सफाई कर्मचारियों के साथ हड़ताल खत्म करने को लेकर बातचीत करने पहुंचे। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक आरोपी डीलरों की गिरफ्तारी नहीं होती। तब तक हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। तहसीलदार ने इस बारे में उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद तहसीलदार वहां से लौट गए।
आज सर्व कर्मचारी संघ करेगा प्रदर्शन, इसके बाद लेंगे निर्णय
आज सर्व कर्मचारी संघ का प्रदर्शन कार्यक्रम सब्जी मंडी में होगी। इस मीटिंग में कई विभागों के कर्मचारी मौजूद होंगे। इसमें नगर परिषद के तमाम कर्मचारी अधिकारी भी पहुंचेंगे। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ नगर परिषद मामले में कठोर कदम उठाने का निर्णय लेगी।
टोहाना नगर परिषद कार्यालय में की हड़ताल, शहर में नहीं हुई सफाई
टोहाना, नगर परिषद के करीब 200 कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। जिससे अपने प्रॉपर्टी आईडी, गृहकर विभाग, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, भवन निरीक्षक आदि कार्यालयों में काम करवाने आए लोगों को मायूस लौटना पड़ा। वहीं 144 सफाई कर्मचारियों के एक साथ हड़ताल पर जाने के कारण शहर में सफाई भी नहीं हुई।
सफाई निरीक्षक अजायब सिंह की अध्यक्षता में कर्मचारी फतेहाबाद में सोमवार को नप कर्मचारियों से मारपीट करने पर रोष जता रहे थे। उन्होंने सरकार व प्रशासन विरोधी नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि जब कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी वे अपनी हड़ताल जारी रखेंगे।
कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई है। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे। तब तक हड़ताल जारी रहेगी। सभी यूनियन हमारे साथ हैं।'' -सुमित चौपड़ा, एमई, नगर परिषद।
नप अधिकारियों के साथ मारपीट होने के चलते सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर उनके समर्थन में साथ है। जब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक अपने काम पर नहीं लौटेंगे।'' -मुकेश शर्मा, सीएसआई, नगर परिषद।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.