हांसी में दिवाली के दिन शाम को बाइक पर आए दो युवकों ने महिला को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल पूनम (32) को इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामले में नारनौंद के दीपक सोनी और प्रवीण के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
विकास नगर की रहने वाली 32 साल की पूनम ने बताया कि उसकी शादी मनोज के साथ हुई है। दिवाली के दिन वह शाम को अपनी मां रामबाई के साथ बाजार में खरीदारी करने गई थी। शाम को करीब आठ बजे वह अपने घर लौटी थी। उसी दौरान वहां दीपक सोनी और प्रवीण बाइक लेकर पहुंचे। दोनों ने उसे पकड़कर जबरदस्ती बाइक पर बैठाने की कोशिश की। उसने इसका विरोध किया तो दीपक ने कहा कि या तो चुपचाप बाइक पर बैठ जा नहीं तो तुझे गोली मार दूंगा। इसके बाद दीपक ने पिस्टल निकाली और उस पर फायर कर दिया। गोली पूनम की बाजू में लगी। गोली मारने के बाद दोनों आरोपी वहां से बाइक पर फरार हो गए। पूनम ने बताया कि कुछ समय पहले उसका दीपक के साथ मेलजोल था। अब उससे कोई संबंध नहीं है, इस कारण दीपक उससे रंजिश रखने लगा है। दीपक उसको जबरदस्ती अपने साथ रखना चाहता है और इसी कारण से उस पर गोली चलाई। महिला को इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.