यौन शोषण और मर्डर केस में सजा काट रहे बाबा राम रहीम का दर्द बुधवार को छलक पड़ा। श्रद्धालुओं के साथ ऑनलाइन सत्संग में डेरा मुखी ने इसका जिक्र करते हुए कहा कि हम वहीं हैं, दूसरे नहीं हैं। हम असली हैं। हम अपना प्रूफ नहीं दे रहे, हम केवल अपने बच्चों को याद दिलाना चाहते हैं, लेकिन कई कहते कि मैं क्यों मानूं?। नहीं मानने से क्या फर्क पड़ता है। भगवान सबको खुशियां दें।
बता दें कि राम रहीम पिछली बार जब पैरोल पर आया था तो डेरे के श्रद्धालुओं के एक ग्रुप ने उसके असली होने पर संदेह जताया था। डेरा प्रेमियों ने राम रहीम को नकली बताकर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका तक दायर कर दी थी। हालांकि हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को फटकार लगा याचिका खारिज कर दी थी।
राम रहीम की पैरोल का 'चुनाव कनेक्शन' सामने आया
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम का हरियाणा में पंचायत चुनाव कनेक्शन सामने आ गया है। उत्तर प्रदेश के बागपत के बरनावा आश्रम से राम रहीम ने सोमवार को पहला ऑनलाइन सत्संग किया। इसका पता चलते ही पंचायत चुनावों के उम्मीदवार समर्थन मांगने उसके सत्संग में पहुंच गए। ये सभी सरपंच, ब्लॉक समिति मेंबर और जिला परिषद पदों के दावेदार उम्मीदवार थे।
राम रहीम ने कहा कि उनको पूरा-पूरा आशीर्वाद है। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल के विधानसभा क्षेत्र करनाल की नगर निगम चेयरपर्सन रेणु बाला गुप्ता और सीनियर मेयर और डिप्टी मेयर भी हाजिरी लगवाने पहुंचे। तीनों भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने राम रहीम से ऑनलाइन ही आशीर्वाद लिया।
करनाल नगर निगम की BJP चेयरपर्सन ने दर्शन मांगे
राम रहीम ने सोमवार को करीब दो घंटे तक ऑनलाइन सत्संग किया। उसने सत्संग में प्रवचन करते हुए खुद को संत की उपाधि दी। साथ ही जब अपने प्रेमियों यानी श्रद्धालुओं से बातचीत की तो करनाल के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में सीनियर मेयर राजेश ने कहा कि मैं डेरे से बहुत पहले से जुड़ा हुआ हूं।
आपसे शहर की मेयर रेणु बाला गुप्ता भी बात करनी चाहती थीं, लेकिन जाम में फंस गए। इसके बाद करनाल के डिप्टी मेयर, घरौंडा ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरमैन, जिला परिषद के उम्मीदवार, सरपंची के दावेदार बारी- बारी से अपना परिचय देने लग गए। राम रहीम के समक्ष सभी ने चुनाव का जिक्र किया और जीत का आशीर्वाद मांगा।
अंत में करनाल नगर निगम की चेयरपर्सन रेणु बाला की चिट राम रहीम के पास पहुंची तो वह ऑनलाइन हुई और कहा कि आप पहले भी स्वच्छता अभियान के लिए करनाल आए थे। अब भी करनाल में आकर दर्शन दें। बता दें कि प्रदेश में पंचायत चुनावों की घोषणा हो चुकी है। पहले चरण के पंचायती चुनाव 30 अक्टूबर और 2 नवंबर को हैं। इसके अतिरिक्त आदमपुर उप चुनाव के लिए वोटिंग 3 नवंबर को है।
देरी से आने वाले डेरा प्रेमियों पर जताई नाराजगी
राम रहीम ने ऑनलाइन सत्संग के दौरान कई ब्लॉक के आश्रम में लेट आने वाले प्रेमियों पर नाराजगी जाहिर की। राम रहीम ने कहा कि टाइम पर आया करो। सुनारिया में हम अपने टाइम के पक्के हैं। हमारी एक ही शर्त है, हाजिरी में नंबर वन रहे। संत हो गए तो कैसे आदत बदल जाए। आप लोग हमारी आदत खराब कर रहे हो।
सुनारिया जेल में बंद है राम रहीम
2017 से साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख सजा काट रहा है। पत्रकार छत्रपति और रणजीत हत्याकांड में भी उसे सजा हो चुकी है। राम रहीम को इसी साल पंजाब चुनाव से ठीक पहले 7 फरवरी को 21 दिन की फरलो मिली थी। इसके बाद 17 जून को राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी और वह यूपी के बागपत आश्रम में रुका था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.