राम रहीम पर स्टैंड क्लियर करे BJP:कुमारी सैलजा बोलीं- भाजपा डेरा प्रमुख का इस्तेमाल कर रही या श्रद्धा रखती है

हिसार4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा मंगलवार को कांग्रेसी नेता स्वर्गीय जगदीश नेहरा को श्रद्धांजलि देने के लिए सिरसा पहुंची। कुमारी सैलजा ने कहा कि दिवंगत जगदीश नेहरा का पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित रहा है। नेहरा की छवि बेदाग रही है और उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।

भाजपा नेताओं का राम रहीम के आगे नतमस्तक होना नई बात नहीं है। सरकार ने यह पहली बार नहीं किया। इससे आप सोच सकते हैं कि सरकार का उनके प्रति रवैया कैसा है। यह सोचने का विषय है कि भाजपा उनमें श्रद्धा रखना चाहती है या फिर केवल उनका केवल इस्तेमाल करना चाहती है। भाजपा हर मोड़ पर विफल रही है। चाहे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की बात हो या बेरोजगारी की बात हो, हर स्तर पर भाजपा की विफलता रही है।

पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा को श्रद्धांजलि देने पहुंची कुमारी सैलजा
पूर्व मंत्री जगदीश नेहरा को श्रद्धांजलि देने पहुंची कुमारी सैलजा

भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जमीन पर नहीं उतरा
सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा का फर्क देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी धरातल पर जन मुद्दे उठा रहे है, लोग इस यात्रा से जुड़ रहे है। जो संदेश राहुल गांधी ने दिया है, उसे हमने घर-घर तक पहुंचाना है। दूसरा चरण हाथ जोड़ो मुहिम है। 2024 में भाजपा को लोग आईना दिखाएंगे। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व अभी तक जमीन पर नहीं उतरे हैं, जबकि राहुल गांधी जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं।

सरकार अपने नेताओं को बचाने में जुटी
भाजपा के सांसद और मंत्री पर लग रहे यौन शोषण के आरोपों पर सैलजा ने कहा कि इसकी पारदर्शिता से जांच होनी चाहिए और कार्रवाई होनी चाहिए। सरकार अपने वादों पर खरा नहीं उतरी और अपने नेताओं को बचाने में जुटी है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सिर्फ एक ढिंढोरा है। जिन मंत्रियों पर आरोप है,उन्हें बर्खास्त करना चाहिए। इन मामलों में सरकार की मंशा क्लियर होनी चाहिए।

परिवार पहचान पत्र की आड़ में फ्रॉड
किसानों के आंदोलन पर सैलजा ने कहा कि हम पहले से कह रहे हैं कि सरकार किसान हितैषी नहीं है। हर बार दावे तो किए जाते हैं, जोकि पूरी तरह से गलत साबित होते हैं। पहचान पत्र की आड़ में भी बड़ा फ्रॉड हुआ है। इतनी ज्यादा त्रुटियां है कि आम व्यक्ति कहां-कहां जाकर कमियां दुरुस्त करवाएं, समझ नहीं आता।

ई-टेडरिंग की आड़ में सरपंचों का शोषण हो रहा, जोकि सरकार को आईना दिखाएगा। 2024 में भाजपा से जनता हर सवाल का जवाब लेगी। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, पूर्व विधायक बलवान दौलतपुरिया, विनीत कंबोज, बूटा सिंह मौजूद थे।