अग्निवीर-अग्निपथ भर्ती योजना के तहत हिसार में चल रही सेना भर्ती में शुक्रवार को 14 फर्जी मामले पकड़े गए हैं। इन मामलों में नकली या छेड़छाड़ करके बनाए गए एडमिट कार्ड के साथ भर्ती होने का प्रयास किया गया था, परंतु जैसे ही भर्ती स्थल पर एडमिट कार्ड और आधार कार्ड पर लगे बार कोड को स्कैन किया गया तो सभी पकड़े गए।
इसके बाद आर्मी ने सख्ती की तो सभी ने माना कि वे दूसरे की जगह पर फिजिकल टेस्ट क्लीयर करने पहुंचे थे। हिसार सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती निदेशक ने बताया कि सेना भर्ती रैली में फतेहाबाद के उम्मीदवारों ने रैली में भाग लिया। भर्ती प्रकिया 12 अगस्त से शुरू हुई। शुक्रवार सुबह जब भर्ती प्रकिया शुरू की गई तो सभी उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड पर बार कोडिंग स्कैन की गई। आधार कार्ड बायोमीट्रिक लिंक है।
स्कैन किया तो धोखाधड़ी का पता चला। 14 उम्मीदवार फर्जी मिले। सभी फतेहाबाद के हैं। सभी ने कंप्यूटर की मदद से एडमिट कार्ड क्रॉप करके फर्जीवाडा किया। पकड़ में आते ही सभी 14 उम्मीदवारों पर सख्ती से पूछताछ की तो वे भविष्य खराब होने की दुहाई देने लगे। वे गरीब घरों से हैं, इसलिए रोजगार पाने के लिए उन्होंने ऐसी हरकत की। अफसरों ने सभी का पता नोट करके, उन्हें स्थायी रूप से अयोग्य करार दिया और चेतावनी देकर भगा दिया।
12 अगस्त से शुरू हुई पहली अग्निपथ
देशभर में सबसे पहले हरियाणा के हिसार जिले में आर्मी ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती शुरू हुई है। यह भर्ती 29 अगस्त तक चलेगी। 16 अक्टूबर को कैंट में लिखित परीक्षा होगी। शुक्रवार को 2300 युवाओं ने भाग लिया। जिसमें 1900 से अधिक युवाओं ने दौड़ में भाग लिया। भर्ती की प्रकिया पूरी करने के बाद शनिवार को इनका मेडिकल होगा। सेना भर्ती कार्यालय निदेशक ने युवाओं को दलालों और असामाजिक तत्वों से सावधान रहने का आग्रह किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.