हरियाणा में हिसार जिला परिषद के चेयरमैन का चुनाव बड़ा दिलचस्प रहा। इसमें दादा रणजीत सिंह चौटाला ने अपने ही पोते दुष्यंत चौटाला को सियासत में नया सबक सिखाया। रणजीत सिंह को इस काम में अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा का साथ मिला। रणजीत सिंह चौटाला हरियाणा के बिजली मंत्री हैं जबकि दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम हैं।
हिसार जिला परिषद चेयरमैन के 20 जनवरी को हुए चुनाव में BJP के सोनू सिहाग ने दुष्यंत चौटाला की पार्टी, जननायक जनता पार्टी (JJP) के सुनील मुंड को 2 वोट से हरा दिया। इसी चुनाव में कांग्रेस समर्थित रीना बधावड़ ने वाइस चेयरपर्सन के चुनाव में JJP के मोहित मलिक को 2 वोट से हरा दिया। जीतने वाले सोनू सिहाग और रीना बधावड़ को 16-16 और हारने वाले JJP कैंडिडेट्स को 14-14 वोट मिले।
पहले जानिए हिसार जिला परिषद का गणित...
हिसार जिला परिषद में 30 जोन है। भाजपा, जजपा और कांग्रेस ने अपने चुनाव चिन्ह पर उम्मीदवार नहीं उतारे थे। जैसे-जैसे चैयरमैन का चुनाव नजदीक आता रहा, दोनों पार्टियों के साथ पार्षद जुटते रहे। चेयरमैन-वाइस चेयरमैन चुनाव के समय 12 पार्षद भाजपा, 14 जजपा और 4 कांग्रेस के साथ चले गए। ऐसे में जजपा बड़ी पार्टी जरूर बनी लेकिन कुर्सी की चाबी कांग्रेस के हाथ चली गई।
इन 2 पॉइंट्स से समझिए सियासी खेल...
1. BJP ने मंत्री की ड्यूटी लगाई : BJP जानती थी कि हिसार जिला परिषद में चेयरमैन और वाइस चेयरमैन की कुर्सी कांग्रेस के समर्थन के बिना मिलनी मुश्किल है। इसलिए बिजली मंत्री रणजीत चौटाला की ड्यूटी लगाई गई। रणजीत की पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ पुरानी दोस्ती थी। यहीं से पूरा सियासी चक्रव्यूह रचना शुरू कर दिया गया।
2. हुड्डा भी जजपा की कुर्सी नहीं चाहते थे : भूपेंद्र हुड्डा भी नहीं चाहते थे कि हिसार में जजपा का दबदबा बढ़े। ऐसे में तय हो गया कि चेयरमैन BJP का बनेगा। वाइस चेयरमैन की कुर्सी कांग्रेस को मिलेगी। जिसके बाद वोटिंग हुई और BJP को चेयरमैन और कांग्रेस को वाइस चेयरमैन की कुर्सी मिल गई।
कांग्रेस नेता बोले- पैनल्टी कॉर्नर मिला, हमने गोल कर दिया
14 पार्षदों वाली जजपा सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद दोनों कुर्सियों से दूर रह गई। इस पर कांग्रेसी नेता धर्मवीर गोयल ने कहा - बिजली मंत्री ने हमें पैनल्टी कॉर्नर दिया और हमने गोल कर दिया। हम पहले चुपचाप इसलिए रहे, ताकि ये दोनों पार्टियां इक्ट्ठी न हो जाए। हमारे पास कर्मकेश कुंडू, दिनेश श्योराण, सुदेश रानी और रीना बदावड़ पार्षद थी। जिसमें रीना अब वाइस चेयरपर्सन बन गई हैं।
हार से निराश राज्य मंत्री ने रद्द किया जनता दरबार
हरियाणा के राज्य मंत्री और उकलाना जजपा विधायक अनूप धानक अपने खेमे के पार्षदों को सिरसा से सीधा हिसार लेकर पहुंचे। जब पुलिस ने बस में केवल पार्षदों के कागजात चेक करने के लिए कहा और पार्षदों की संख्या पूछी तो उन्होंने 15 का दावा किया। हालांकि बस में 13 पार्षद सवार थे। हार के बाद राज्य मंत्री अनूप धानक ने निराश होकर शनिवार को लगने वाला अपना जनता दरबार ही रद्द कर दिया।
भाजपा ने जजपा को जोर का झटका धीरे से दिया
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला हिसार लोकसभा क्षेत्र से एक बार सांसद रह चुके हैं। 2019 का लोकसभा चुनाव हार चुके हैं। दुष्यंत हिसार संसदीय क्षेत्र के अधीन आने वाले उचाना विधानसभा क्षेत्र से ही विधायक है। ऐसे में वह हिसार के गढ़ को मजबूत करना चाहते थे लेकिन भाजपा ने कांग्रेस की सियासी मदद से जजपा को हिसार में हराकर जोर का झटका धीरे से दिया।
यहां पढ़ें... चुनाव का पूरा घटनाक्रम
हिसार जिला परिषद की वाइस चेयरपर्सन पर घमासान:पति बोला- मैं भाजपाई, कांग्रेस से नहीं लड़ा चुनाव, पत्नी बोली थी- मैं कांग्रेसी
हरियाणा के हिसार जिला परिषद की वाइस चेयरपर्सन की पिछले 24 घंटे में तीन बार पार्टी बदली गई। अब वाइस चेयरपर्सन रीना बधावड़ के पति ने पत्नी के दावे को खारिज करते हुए उनके भाजपाई होने का दावा किया। बाकायदा इसका वीडियो भी जारी किया गया। पूरी खबर पढ़ें
हिसार जिला परिषद चेयरमैन पर BJP का कब्जा:सोनू सिहाग बने चेयरमैन, वाइस चेयरपर्सन रीना बोलीं- मैं भाजपाई नहीं, कांग्रेसी हूं
हरियाणा में हिसार जिला परिषद चेयरमैन चुनाव शुक्रवार को हुआ। भाजपा के सोनू सिहाग चेयरमैन और रीना वाइस चेयरपर्सन बनी। दोनों ने जजपा उम्मीदवारों को 2 वोट से हराया पूरी खबर पढ़ें
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.