हरियाणा के हिसार जिले में 53 वर्षीय धर्मेंद्र और उसके साले अजीत के साथ रिश्तेदारों ने मारपीट की। पीड़ित धर्मेंद्र साइंस टीचर है और भिवानी के कोंट गांव का रहने वाला है। मारपीट की यह घटना हिसार के सूर्यनगर में हुई। धर्मेंद्र का आरोप है कि उसकी पुत्रवधू प्रियंका, समधी विजयपाल व उसके अन्य रिश्तेदारों ने उन दोनों को सूर्यनगर में अपने घर बुलाकर उनके साथ मारपीट की। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिंदल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
धर्मेंद्र ने बताया कि उसका बेटा दीपक हरियाणा पुलिस में है। उसके बेटे की शादी 15 नंबर 2021 को सूर्यनगर निवासी प्रियंका के साथ हुई थी। शादी के समय प्रियंका के पिता विजयपाल ने उनसे 10 लाख रुपए उधार लिए थे। कुछ दिनों बाद ही विजयपाल उनसे 10 लाख रुपए और मांगने लगे, जिसके कारण उनमें विवाद हो गया। विवाद के बाद से उनकी पुत्रवधू अपने मायके में रह रही है। वह अपनी पुत्रवधू का इलाज करवाने के लिए अस्पताल लेकर जाने वाले थे, जिस बारे में उसके पिता विजयपाल से बात हुई थी।
जब वह खुद और उसका साला अजीत सूर्यनगर में प्रियंका के घर पहुंचे तो कुछ देर दोनों पक्षों में बातचीत हुई। इसके बाद लड़ाई झगड़ा शुरू हो गया और प्रियंका, उसके पिता विजयपाल व अन्य रिश्तेदारों ने उनको कमरे में बंद कर दिया। धर्मेंद्र के अनुसार रिश्तेदारों ने उनको लोहे की पाइप व डंडों से पीटा और पुलिस के पहुंचने पर उनको रिहा किया। रिश्तेदारी का मामला होने के कारण उन्होंने शनिवार को इस बारे में पुलिस को शिकायत नहीं दी थी। रविवार को पुलिस ने बयान के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.